रायपुर
अब फाल्ट वाले हिस्से की ही बंद होगी बिजली
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 सितंबर। बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक सुचारु और प्रभावी बनाने की दिशा में पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा के स्काडा/डीएमएस सेंटर की रिमोट ऑपरेशन सुविधा को अपग्रेड किया है। इससे बिजली लाइन या फीडर में फाल्ट आने पर पूरे इलाके की बिजली बंद करने के बजाय प्रभावित हिस्से को रिमोट के जरिए अलग किया जा सकेगा। इससे फाल्ट सुधारने के दौरान अन्य फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति चालू रखने में मदद मिलेगी।
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी भीम सिंह कंवर ने रायपुर स्थित स्काडा/डीएमएस सेंटर में रिमोट ऑपरेशन का परीक्षण किया। इस दौरान 33/11 केवी दलदलसिवनी सबस्टेशन के 11 केवी दयानगर फीडर तथा 33/11 केवी खमतराई सबस्टेशन के 11 केवी गणेश मंदिर और शिव मंदिर फीडरों को रिमोट से आन-आफ परीक्षण सफल रहा। स्काडा सेंटर के माध्यम से नियंत्रण कक्ष में बैठे-बैठे फाल्ट से संबंधित क्षेत्र की पहचान कर आवश्यकतानुसार संबंधित फीडर या हिस्से को बंद किया जा सकेगा। रिमोट ऑपरेशन की सुविधा से फाल्ट वाले हिस्से को अलग कर सुधार कार्य करने और शेष क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बनाए रखने में सहूलियत होगी।पहले फाल्ट का स्थान पता लगाने लाइन मैन को मौके पर पेट्रोलिंग करनी पड़ती थी।
केंद्र प्रवर्तित आरएपीडीआरपी (क्र्रक्कष्ठक्रक्क) योजना के अंतर्गत रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा में स्काडा/डीएमएस सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों से संबंधित शहरों के 33/11 केवी सबस्टेशनों और 11 केवी फीडरों का नियंत्रण किया जाता है। इस प्रणाली के माध्यम से रायपुर के 283 और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के 160 फीडरों का रिमोट ऑपरेशन किया जा सकेगा।
साइबर सुरक्षा संबंधी कारणों से ढाई वर्ष पहले 20 मार्च 24 को रायपुर और दुर्ग-भिलाई-चरोदा की स्काडा/डीएमएस प्रणाली से रिमोट ऑपरेशन अस्थायी रूप से बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद इन नियंत्रण केंद्रों के हार्डवेयर, फायरवॉल और एंटीवायरस का उन्नयन किया गया।
बाह्य ऑडिट एजेंसी से कराए गए साइबर सुरक्षा ऑडिट में सामने आए अतिमहत्वपूर्ण बिंदुओं के अनुपालन के बाद प्रणाली को रिमोट ऑपरेशन के लिए सक्षम बनाया गया।