रायपुर

5 किलो गांजे की कीमत 2 लाख, और 27 किलो की 2.74 लाख
16-Oct-2026 7:16 PM
5 किलो गांजे की कीमत 2 लाख, और 27 किलो की 2.74 लाख

एक ही शहर की पुलिस ने अलग अलग कीमत लगाई..!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अक्टूबर। मुजगहन और आमानाका पुलिस ने एक ही दिन में दो तस्करों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया। मुजगहन पुलिस ने 5 किलो की कीमत 2 लाख और उससे 5 गुना अधिक गांजा बरामद कर कीमत मात्र 2.74 लाख रुपए आंका है। इसे लेकर थाने में ही पुलिस कर्मियों के बीच तरह तरह चर्चाएं हैं। एक ही शहर की पुलिस अलग अलग कीमत दर्ज कर रही है।

गुगल सर्च के अनुसार बीते दिनों में  पुलिस और नारकोटिक्स विभागों द्वारा की गई बड़ी कार्रवाईयों और बरामदगी के आंकड़ों के अनुसार, अवैध ब्लैक मार्केट में प्रति किलोग्राम (किलो) गांजे की अनुमानित कीमत 50,000 से 60,000 रुपए  तक आंकी गई है। इस आधार पर आमानाका पुलिस द्वारा बरामद 27.420 किलो गांजे की कीमत 50 हजार रुपए के मान से 13,75000लाख रूपए होती है जबकि  पुलिस रिकार्ड में 2.74200 रुपए ही दर्ज किया गया है। वहीं मुजगहन पुलिस ने भी 5.230 किलो गांजे की कीमत 262500 के बजाय 2 लाख रुपए दर्ज किया है।

मुजगहन पुलिस ने गुरुवार शाम भटगांव ओवरब्रिज के नीचे सतीश पटेल 26 को गिरफ्तार कर 5.230 किलो गांजा बरामद किया। वहीं आमानाका पुलिस ने इस्कान मंदिर रोड पर कृष्णा पाटिल 21 को गिरफ्तार कर 3 बैग में भरा 27.420 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने दोनों पर 20 बी नार्कोटिक्स एक्ट दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट