रायपुर

छह दिवसीय बंगाली दुर्गोत्सव, माना में काशी विश्वनाथ, जगन्नाथ धाम की भव्यता
16-Oct-2026 7:14 PM
छह दिवसीय बंगाली दुर्गोत्सव, माना में काशी विश्वनाथ, जगन्नाथ धाम की भव्यता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अक्टूबर। काशी विश्वनाथ की दिव्यता, जगन्नाथ धाम की भव्यता और मां दुर्गा की आराधनाज् इन तीनों का अद्भुत संगम माना कैंप में साकार हो उठा है। सुनहरे रंग में दमकता काशी विश्वनाथ धाम का प्रारूप और ओडिशा के पुरी जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर सजा विशाल पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। राजधानी के प्रमुख दुर्गोत्सव स्थलों में शुमार माना कैंप बंगाली परंपरा, भव्य सजावट और भक्तिमय माहौल के रंग में रंग चुका है। आज से यहां छह दिवसीय दुर्गोत्सव की धूम शुरू हो गई है। मां दुर्गा के दर्शन, ढाक की थाप के साथ पूजा-अर्चना और उत्सवी रौनक के बीच पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर नजर आ रहा है।

माना कैंप की बाजार बस्ती स्थित श्री काली माता मंदिर के सामने इस वर्ष काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर आकर्षक पंडाल तैयार किया गया है। सुनहरी आभा से सजे इस पंडाल की भव्यता श्रद्धालुओं को बरबस अपनी ओर खींच रही है। समिति लगातार 52 वर्षों से दुर्गोत्सव का आयोजन कर रही है, जिससे यहां की पूजा को विशेष पहचान मिली है।

वहीं, माना कैंप के दूसरे पूजा परिसर में ओडिशा के प्रसिद्ध पुरी जगन्नाथ मंदिर की तर्ज पर विशाल पंडाल सजाया गया है। दोनों पंडालों में धार्मिक आस्था और कलात्मक शिल्प का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। भव्य मंदिरों की झलक और मां दुर्गा की आराधना ने माना कैंप के दुर्गोत्सव को इस बार और भी खास बना दिया है।


अन्य पोस्ट