रायपुर

बस आपरेटर को एक और चेतावनी, फिर परमिट रद्द
15-Oct-2026 8:19 PM
बस आपरेटर को एक और चेतावनी, फिर परमिट रद्द

ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट की बसें अब भाटागांव स्टैण्ड से नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 अक्टूबर। बसों के शहर में मनमाने स्टापेज, पिकप- ड्राप से ट्रैफिक बाधा को लेकर पुलिस ने एक बार फिर बस आपरेटरों की बैठक ली। अब तक ऐसी कई बैठकों में कड़े से कड़े निर्देशों के बाद भी आपरेटर और ड्राइवर पुलिस को ठेंगा दिखाते चल रहे हैं।

आज डॉ. अर्चना झा डीसीपी यातायात एवं प्रोटोकॉल ने  एक बार फिर  बस संचालकों/आपरेटरों की बैठक ली। इसमें क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी  आशीष देवांगन, अति.  उपायुक्त यातायात रामकुमार बर्मन, सहायक  आयुक्त यातायात सतीश ठाकुर, श्रीमती सीमा अहिरवार एवं  निगम के अधिकारी भी शामिल हुए।

 बैठक में सै. अनवर अली, छ.ग. यातायात महासंघ के अध्यक्ष  खेमराज साहू प्रदेश सचिव, सहित एक दर्जन से अधिक बस संचालक/मालिक उपस्थित थे।

बस संचालकों को बसों के आवागमन के दौरान कहीं भी रोककर सवारी बैठाने व उतारने के कारण आमजनों को होने वाले असुविधा, दुर्घटना एवं बस संबंधी प्राप्त शिकायतों का हवाला दिया गया। इस पर रोक लगाने निम्नानुसार निर्देश दिये गये:-   बस स्टैंड से यात्री बिठाकर निकलने उपरांत कहीं भी शहर में अन्य बुकिंग काउण्टरों के सामने बस रोककर यात्री नहीं बिठाएंगें, निर्धारित स्टॉपेज पर ही बसों को रोकेंगे। ऑल इण्डिया टूरिज्म परमिट वाले बसों का संचालन बस स्टैंड से नहीं करेंगें। न ही कहीं पर बस रोककर आम यात्री बस की तरह पिकप ड्राप  नहीं करेंगें। बसों के छतों पर माल का लदान कर परिवहन नहीं करेंगें। जगदलपुर, धमतरी गरियाबंद से  आने वाली बसें एमएमआई चौक के पास यात्रियों को निर्धारित स्थल पर उतारेंगें। उसके बाद  भाठागांव चौक तक कहीं भी बस  नहीं रोकेंगे।  मार्गो पर विभिन्न स्थानों पर खोले गये बुकिंग/रिजर्वेशन काउण्टर के पास बसों को रोककर यात्री नहीं बिठायेगें। दुर्ग भिलाई जाने वाली बसें पचपेड़ी नाका चौक से युटर्न करने उपरांत भाठागांव चौक पर आकर यात्री पिकप के लिये नहीं रूकेगी।  खराब अथवा कण्डम वाहनों को बस स्टैण्ड से हटाना होगा। बस स्टैण्ड को गैरेज की तरह इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं। बसें खड़ी कर अव्यवस्था फैलाने वाले के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी एवं 3 बार  कार्यवाही पर  उनके परमिट निरस्त किए  जाएंगे ।


अन्य पोस्ट