रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 अक्टूबर। नवरात्रि में हम माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना करते हैं और नारी शक्ति के सामर्थ्य को नमन करते हैं। इसी मातृशक्ति का एक प्रेरक स्वरूप अम्बेडकर अस्पताल, रायपुर में देखने को मिला। जहां महिला चिकित्सकों की टीम ने एक मां को नया जीवन दिया। वह भी तब, जब बच्चेदानी और मूत्राशय बुरी तरह फट गए थे। गर्भस्थ शिशु की मृत्यु हो चुकी थी और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की जान पर बन आई थी। ऐसे कठिन समय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की टीम ने लगभग पांच घंटे तक जटिल सर्जरी के अथक प्रयास सफल हुए और महिला स्वस्थ होकर अपने परिवार के पास लौट गई।
32 वर्षीय महिला को गर्भावस्था की पूरी अवधि समाप्त होने के बाद उसे प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन उसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिर सामुदायिक और अंत में समीपस्थ मेडिकल कॉलेज पहुंचे ।
इसी दौरान प्रसव के प्रयास में महिला की बच्चेदानी और मूत्राशय बुरी तरह फट गए। गर्भस्थ शिशु की पेट के भीतर ही मृत्यु हो गई और महिला को भारी रक्तस्राव होने लगा। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अम्बेडकर अस्पताल, रायपुर लाया गया।
यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति जायसवाल के नेतृत्व में डॉ. नीलम सिंह, डॉ. अर्पणा वर्मा और डॉ. नीति गोसाई की टीम ने तत्काल जटिल सर्जरी कर
बच्चेदानी को निकाला। वहीं, सर्जरी विभाग की डॉ. प्राची के सहयोग से क्षतिग्रस्त मूत्राशय की मरम्मत की गई। निश्चेतना विभाग से डॉ. अमृता की टीम ने भी मरीज की स्थिति को नियंत्रित रखने और सर्जरी के दौरान अहम भूमिका निभाई। लगभग पांच घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के दौरान मरीज को कुल 10 यूनिट रक्त एवं रक्त घटकों का आधान किया गया।
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति गंभीर को देखते हुए क्रिटिकल केयर यूनिट में डॉ. ओ. पी. सुंदरानी की टीम की देखरेख में दो दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट के साथ गहन चिकित्सा प्रदान की गई।स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के साथ निश्चेतना, क्रिटिकल केयर, सर्जरी, ब्लड बैंक और नर्सिंग टीम ने लगातार समन्वय के साथ उपचार जारी रखा। इस सफल आपरेशन पर डीन डॉ विवेक चौधरी, अधीक्षक डा संतोष सोनकर ने पूरी टीम को बधाई दी है।