रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 अक्टूबर। कांग्रेस में करीब 60 राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति होने जा रही है। बताया गया कि पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दावेदारों का आईक्यू टेस्ट और जनरल नॉलेज का टेस्ट लिया। इसमें छत्तीसगढ़ के चार युवा नेता भी शामिल थे।
एआईसीसी में सचिवों की सूची कभी भी जारी हो सकती है। करीब डेढ़ सौ सचिवों की नियुक्ति होनी है। बताया गया कि राहुल गांधी ने करीब डेढ़ सौ दावेदारों का साक्षात्कार लिया था। उनके साथ पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल भी थे।
छत्तीसगढ़ के चार युवा नेताओं को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इनमें दीपक मिश्रा, कांकेर के कोको पाढ़ी, नरेश ठाकुर और सुबोध हरितवाल शामिल थे। वर्तमान में देवेंद्र यादव एआईसीसी सचिव हैं। पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय भी सचिव रह चुके हैं। मगर इस बार नियुक्ति से पहले काफी कसरत हुई है। साक्षात्कार देने वाले नेताओं में से एक ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में बताया कि खुद राहुल और प्रियंका गांधी ने दावेदारों का सामान्य ज्ञान टेस्ट लिया। उन्होंने दावेदारों के आईक्यू और हाजिरजवाबी को परखने की कोशिश की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दावेदारों के इंटरव्यू 7 से 15 सितंबर तक चला। सूची तैयार हो चुकी है। छत्तीसगढ़ से चारों की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। प्रदेश महासचिव दीपक मिश्रा पार्टी के प्रदेश स्तरीय कनेक्ट सेंटर के प्रभारी हैं। उनके कामकाज की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हो चुकी है। इसी तरह कांकेर के नरेश ठाकुर से राहुल गांधी व्यक्तिगत तौर पर परिचित हैं। कोको पाढ़ी और सुबोध हरितवाल के भी अपने संपर्क हैं। ऐसे में यहां से एक से अधिक नेताओं को राष्ट्रीय सचिव के रूप में जगह मिल सकती है।