रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 अक्टूबर। रायपुर जिला सहकारी बैंक के करीब 700 कर्मचारियों को कई वर्षों से वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता घनश्याम राजू तिवारी ने सहकारिता मंत्री केदार कश्यप, बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास और अध्यक्ष निरंजन सिन्हा पर कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ देने की मांग की है।
तिवारी ने कहा कि बैंक की सीईओ अपेक्षा व्यास और अध्यक्ष निरंजन सिन्हा तीन वर्षों से अधिक समय से पद पर हैं। उनके अनुसार, एक ओर बैंक ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 215 करोड़ रुपये का लाभांश दिखाया है, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों को वेतन वृद्धि का लाभ नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के राजनांदगांव, दुर्ग, बस्तर, अंबिकापुर और बिलासपुर जिला सहकारी बैंकों में कर्मचारियों को वेतन वृद्धि दी जा रही है, जबकि रायपुर जिला सहकारी बैंक के कर्मचारी इससे वंचित हैं।
तिवारी ने कहा कि इस मामले में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) से शिकायत की जाएगी।