रायपुर

शिफ्टेड मतदाताओं के नाम सार्वजनिक करे आयोग- अकबर
13-Oct-2026 7:20 PM
शिफ्टेड मतदाताओं के नाम सार्वजनिक करे आयोग- अकबर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 सितंबर। पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने एसआईआर के बाद मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए शिफ्टेड और एब्सेंट श्रेणी में रखे गए मतदाताओं के नाम सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि देश में भारत निर्वाचन आयोग है, भारत सरकार निर्वाचन आयोग नहीं। आयोग की निष्पक्षता और संवैधानिक भूमिका पर सवाल उठने पर सरकार के प्रवक्ताओं के बजाय आयोग को खुद जवाब देना चाहिए।

अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में एसआईआर के बाद अंतिम मतदाता सूची से 24 लाख 99 हजार 823 नाम हटाए जाने का दावा किया गया है। इनमें 19 लाख 13 हजार 540 मतदाताओं को शिफ्टेड या एब्सेंट श्रेणी में चिह्नित किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कुल मतों का अंतर 6 लाख 32 हजार 382 यानी 4.04 प्रतिशत था। इसके मुकाबले मतदाता सूची से हटाए गए नामों की संख्या करीब चार गुना है।

अकबर ने कहा कि रोजगार, कामकाज या शिक्षा के कारण अस्थायी रूप से घर पर मौजूद नहीं रहने वाले मतदाताओं को सूची से बाहर करना चिंता का विषय है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या केवल एक दिन घर पर अनुपस्थित रहने के आधार पर किसी नागरिक को मताधिकार से वंचित किया जा सकता है। उन्होंने  मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।


अन्य पोस्ट