रायपुर

डिप्टी कलेक्टर बंजारे ने 3 करोड़ दहेज मांगा, एफआईआर
12-Oct-2026 7:53 PM
डिप्टी कलेक्टर बंजारे ने 3 करोड़ दहेज मांगा, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 अक्टूबर। राज्य प्रशासनिक सेवा के डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे और उनके माता-पिता के खिलाफ पुलिस ने दहेज प्रताडऩा, मारपीट और करोड़ों रुपए की मांग के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।  डिप्टी कलेक्टर मनोज बंजारे की पत्नी पूजा बंजारे (निवासी: ग्राम भानसोज, आरंग) ने यह शिकायत दर्ज कराई है।  पूजा और मनोज की शादी जुलाई 2024 में हुई थी।

पीडि़ता का आरोप है कि विवाह के दौरान उनके परिवार ने घरेलू सामान, सोने की चेन और अन्य उपहार दिए थे। इसके बावजूद शादी के महज दूसरे दिन से ही ससुराल वाले कम दहेज मिलने को लेकर ताने देने लगे।

 शिकायत में इसकी भी उल्लेख है कि 4 जनवरी 2025 को मनोज बंजारे ने पीडि़ता पर दबाव बनाया कि वह अपने मायके की जमीन बेचकर  2-3 करोड़ रुपये लेकर आए। मना करने पर मारपीट की गई।  पीडि़ता का कहना है कि गर्भावस्था और प्रसव के बाद भी ससुराल वालों का अत्याचार कम नहीं हुआ। बच्चे के जन्म के बाद पति ने उसे मायके में ही छोड़ दिया. 2 सितंबर 2026 को पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने भानसोज स्थित मायके में साथ मारपीट की।मामला महिला थाने पहुंचा, जहां परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई।

पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मनोज बंजारे, सास ललिता बंजारे और ससुर कोमल सिंह बंजारे कम दहेज का ताना देकर उन्हें प्रताडि़त कर रहे थे। शिकायत के अनुसार, आरोपी पक्ष द्वारा एक लग्जरी कार और 2 से 3 करोड़ रुपये नकद की मांग की जा रही थी। जनवरी 2025 में मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने का दबाव बनाया गया और इनकार करने पर मारपीट की गई।


अन्य पोस्ट