रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। राजधानी बीती में देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या की वारदात सामने आई है। न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अमलीडीह इलाके की स्वर्ण जयंती चौक में 18 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान गौरव सेन निवासी अमलीडीह हाल मुकाम टिकरापारा के रूप में हुई है। घटना रात करीब साढे 10 बजे उस समय की है जब स्वर्ण जयंती चौक पर पंडाल में माता की मूर्ति की स्थापना की जा रही थी। वहां बज रहे डीजे के दौरान मृतक का नाबालिग आरोपी के साथ कुछ विवाद हुआ और विवाद के दौरान नाबालिग आरोपी ने अपने पास रखे (पेपर कटर)चाकू से गौरव सेन (18) की जांघ पर गहरा हमला कर मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ गौरव को स्थानीय रहवासियों ने पास के ही एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां मौजूद डॉक्टरो ने उस मृत घोषित कर दिया । वारदात की सुचना मिलने के बाद थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच टीमें मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी खंगालने पर वारदात के बाद आरोपी की तलाश की गई तो देर रात घटनास्थल के आसपास ही पुलिस ने नाबालिग आऱोपी को धरदबोचा।
थाने लाकर पूछताछ की तो आरोपी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है, लेकिन घटनास्थल पर मौजूद लोगो ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कोई भी जानकारी नहीं दी और पुलिस की पूरी कार्रवाई को मूकदर्शक बने देखते रहे। बताया जा रहा है कि मृतक घटनास्थल के पास का ही रहने वाला है,लेकिन टिकरापारा में नाई दुकान में काम सीखने की वजह से टिकरापारा इलाके में अपनी नानी के घर ही रहता था लेकिन हफ्ते में एक दिन अपने घर आता है। इसी दौरान मृतक घर आया था और घर के बाहर चौक पर प्रतिमा स्थापना के दौरान बज रहे डीजे पर नाचने के दौरान हुए क्षणिक विवाद में युवक की जान चली गई। फिलहाल राजेन्द्र नगर थाना पुलिस आऱोपी से हत्या की असली वजह जानने में जुटी हुई है।