रायपुर
शक्ति अभियान संगठन का प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अक्टूबर। शक्ति अभियान के तहत नारी सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों को लेकर रायपुर में युवतियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया । महिला थाना चौक से मोतीबाग प्रेस क्लब तक मार्च किया।इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर 15 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल को सौंपा। इसमें महिलाओं एवं बच्चियों के साथ लगातार हो रहे अत्याचार, दुष्कर्म, छेड़छाड़ और उत्पीडऩ की घटनाओं तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
वॉलंटियर गर्ल्स प्रियंका उपाध्याय ने कहा कि जब तक महिलाएं और बच्चियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगी, तब तक महिला सशक्तिकरण की बात अधूरी रहेगी। वॉलंटियर बॉयज पुनेश्वर लहरे ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना चाहिए।