रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 अक्टूबर। तिल्दा नेवरा के ग्राम घुलघुल में एक साल पहले मामूली बात पर युवक की हत्या के मामले में जिला अदालत ने दो भाइयों को उम्र कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने वेदप्रकाश उर्फ वेद वर्मा और अजय कुमार वर्मा को धारा 103(1) में दोषी पाया।फैसला 5 अक्टूबर को द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, जितेन्द्र कुमार सिंह की अदालत ने सुनाया।
वकील कैलाश अगासे ने बताया कि घटना 16 मार्च 2025 को ग्राम घुलघुल स्कूल के पास गोवर्धन पहाड़ गली में हितेश वर्मा के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर उसके भाई हेमनारायण वर्मा मौके पर पहुंचा था। इस बीच वेद वर्मा चाकू तथा अजय वर्मा बांस के डंडे से हितेश के साथ मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर हेमनारायण के साथ भी मारपीट की गई उसे जान से मारने की धमकी भी दिया गया। गंभीर रूप से घायल हितेश को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने वेदप्रकाश, अजय वर्मा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामइ किया गया। अदालत ने वेदप्रकाश उर्फ वेद वर्मा को धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास के साथ 2,000 रुपए अर्थदंड, धारा 351(2), 115(2), 25(1ख)(ख) और 27(1) आयुध अधिनियम के तहत अलग-अलग सजा सुनाई। अजय कुमार वर्मा को धारा 103(1) के तहत आजीवन कारावास तथा धारा 351(2) और 115(2) के तहत भी सजा दी गई।