रायपुर

मीसा बंदियों को स्वतंत्रता सेनानियों के समान मिलेंगी चिकित्सा सुविधाएं
07-Oct-2026 7:00 PM
मीसा बंदियों को स्वतंत्रता सेनानियों के समान मिलेंगी चिकित्सा सुविधाएं

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

रायपुर, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र सेनानियों और उनके पति-पत्नी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू हो गई है। लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर इस संबंध में मांग पत्र सौंपा। मंत्री ने मांग पत्र पर तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य सचिव को प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उपासने ने बताया कि राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ लोकतंत्र सेनानी सम्मान अधिनियम, 2025 के तहत छत्तीसगढ़ लोकतंत्र सेनानी सम्मान नियम, 2026 को  राजपत्र में अधिसूचित किया है। नियम क्रमांक 6(1) में लोकतंत्र सेनानी तथा उनके पति-पत्नी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।मांग पत्र में सभी शासकीय अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और संबद्ध सुपर स्पेशलिटी संस्थानों में नि:शुल्क ओपीडी और भर्ती उपचार, आवश्यक पैथोलॉजिकल एवं रेडियोलॉजिकल जांच तथा दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा उपचार के दौरान लोकतंत्र सेनानी और उनके परिचारक के लिए नि:शुल्क निजी, डीलक्स अथवा विशेष वार्ड की व्यवस्था की मांग भी रखी गई है।


अन्य पोस्ट