रायपुर
दोस्त के पिता को नौकरी से निकलवाने के शक में मैनेजर की पिटाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 अक्टूबर। गोलबाजार पेटी लाइन स्थित एक दुकान में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट, टिकरापारा में कम्पनी के मैनेजर और गुढिय़ारी में घर के सामने बैठकर शराब पीने से मना करने पर लडक़ों ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। पहले मामले में दो भाईयों और उसके पिता पर मारपीट का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में आरोपियों के खिलाफ मारपीट सहित अन्य धाराओं का अपराध दर्ज कर आरोपियों को हिरासत में लिया है। गोलबाजार पुलिस के मुताबिक केशव चतुर्वेदी ने थाना में शिकायत दी है कि सोमवार की शाम 5 बजे सतीश साहू सामान लेने एक्टिवा से गोदाम जा रहा था। पूजा फैसी स्टोर के सामने उसका अलतवश मेमन से विवाद हो गया और दोनों के बीच मारपीट होने लगी। केशव बीच-बचाव करने पहुंचा था। जिसके बाद झगड़ा शांत होने के बाद वह दुकान लौट आया। कुछ देर बाद अलतवश मेमन और उसका भाई अजहर मेमन दुकान में पहुंचे और केशव से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की। उसे खींचकर दुकान से बाहर ले गए।
दोनों भाइयों ने उनके साथ मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों के पिता अकरम मेमन भी मौके पर पहुंचा और अपने बेटों को मारपीट के लिए उकसाने लगा।
मारपीट में केशव के पेट, गले और सीने में चोट आई है। वहीं अन्य कर्मी मल्लू साहू और सुरेश साहू को भी चोटें आई। मारपीट का वीडियों दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
उधर इम्प्रेसिया एलीट ई-2 के पार्किंग स्थल में एक कंपनी मैनेजर से मारपीट हो गई। आदर्श नगर, गुढिय़ारी निवासी दीपक ने इसकी शिकायत पुलिस में की। उसने अपनी शिकायत में बताया कि घटना 4 अक्टूबर की रात का है। वह रोज की तरह काम खत्म कर घर जाने गाड़ी लेने पार्किंगस्थल पर गया था। इसी दौरान इम्प्रेसिया एलीट के फ्लैट नंबर सी-611 में रहने वाला रूपेश वर्मा और उसके एक साथी ने उसे रोक लिया। दोनों ने उसके पिता तोपचंद वर्मा को कंपनी के मालिक से शिकायत कर नौकरी से निकलवाने की बात कर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने उसके साथ हाथ-मुक्का और डंडे से उसके साथ मारपीट की।
इधर गुढिय़ारी में कल रात घर के सामने शराब पीने से मना करने पर युवक के साथ नशेडियों ने मारपीट कर दी। खेगेश ने बताया कि कल रात वह काम से घर लौटने के बाद अपने भाई के घर खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान उसके घर के सामने मोहल्ले के छोटू उर्फ सूरज महेश्वरी अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। खगेश के मना करने पर सूरज महेश्वरी ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया। वहीं उसके साथियों ने उस पर डंडे से मारपीट की। इस हमले में खगेश के सिर और हाथ पैर में गंभीर चोट आई। जिसका ईलाज कराया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।