रायपुर

अदाणी पॉवर में बलवा, टीआई समेत पुलिस कर्मी घायल
05-Oct-2026 8:16 PM
अदाणी पॉवर में बलवा, टीआई समेत पुलिस कर्मी घायल

फैक्ट्री और सरपंच की गाड़ी में तोड़ फोड़, कोई गिरफ्तारी नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 अक्टूबर। रविवार देर रात खरोरा  के रायखेड़ा स्थित अदाणी पॉवर प्लांट में शराब बिक्री के विवाद को लेकर मजदूरों के बीच एक हिंसक बलवा हुआ।  फैक्ट्री के भीतर अवैध रूप से शराब बेचने का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जिसने बाद में एक बड़े उपद्रव का रूप ले लिया।

 रायखेड़ा गांव के ग्रामीण और फैक्ट्री के कुछ स्थानीय मजदूर परिसर के अंदर बाहरी लोगों  द्वारा शराब बेचने का विरोध कर रहे थे। इन्हें बिहार का मूल निवासी बताया गया है। इसी बात को लेकर उनसे स्थानीय के मजदूरों में कहासुनी हुई जो मारपीट और पथराव में बदल गई।

 उग्र हुए उपद्रवियों ने फैक्ट्री परिसर में जमकर तोडफ़ोड़ की। बीच-बचाव करने पहुंचे रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा की गाड़ी के कांच भी पथराव में तोड़ दिए गए।

 घटना की सूचना मिलते ही जब खरोरा थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो उपद्रवियों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। इस हमले में खरोरा टीआई समेत कुछ अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी और वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने के बाद फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में बताया गया है। सोमवार दोपहर खरोरा टीआई ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष की ओर से रिपोर्ट नहीं की गई है। स्थिति नियंत्रण में है। 


अन्य पोस्ट