रायपुर

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद अकेले राजधानी में गुमशुदगी के 120 एफआईआर
04-Oct-2026 8:00 PM
सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद अकेले राजधानी में गुमशुदगी के 120 एफआईआर

पुलिस की नाकामी पर मुख्य सचिव और डीजीपी पर अवमानना की कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 4 अक्टूबर। राज्यों को सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद गुमशुदगी पर एफआईआर  दर्ज करने में तेजी आई है। राजधानी में 120 से ज्यादा लोग लापता हैं। गुमशुदगी की इन शिकायतों पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है।पहले बालिगों की गुमशुदगी डायरी में  दर्ज करने  औपचारिकता होती थी। अब नाबालिगों के साथ बालिगों की गुमशुदगी में भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश ए अमानउल्लाह, और आर माधवन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों  को निर्देश दिया है कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने पर (चाहे उसकी उम्र या लिंग कुछ भी हो) तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक  आदेश का पालन करने में नाकाम पाए जाएंगे, उनके खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्रवाई होगी और उन्हें हुई चूक के बारे में सफाई देने के लिए अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा। इसके बाद ही पुलिस ने तेजी दिखाई है।

कोर्ट ने साफ तौर पर हर पुलिस स्टेशन को निर्देश दिया था कि किसी भी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी मिलते ही तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। इसके लिए न तो शुरुआती जांच का इंतजार किया जाए और न ही परिवार से पहले लापता व्यक्ति को खोजने के लिए कहा जाए। इसमें साफ तौर पर कहा गया था कि एफआईआर में किसी व्यक्ति या बच्चे के अपहरण या तस्करी से संबंधित भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों को शामिल किया जाना चाहिए।

सुप्रीम कोर्ट के ये निर्देश लापता लोगों, मानव तस्करी और पीडि़तों की बरामदगी व पुनर्वास से निपटने के लिए पूरे देश में एक समन्वित व्यवस्था लागू करने की चल रही प्रक्रिया के तहत जारी किए गए थे।कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया था कि किसी व्यक्ति के लापता होने के बाद के शुरुआती कुछ घंटे गोल्डन आवर्स होते हैं, जिनमें उनके सुरक्षित मिलने की संभावना सबसे ज्यादा होती है।

इसलिए, कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया कि लापता व्यक्ति का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए वे 24 घंटे का इंतजार न करें। यहां तक कि अगर किसी व्यक्ति का पता 24 घंटे के भीतर ही चल जाता है और उसे परिवार से मिला दिया जाता है, तब भी पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।यह भी निर्देश दिया गया था कि अगर पुलिस के पास यह मानने का ठोस कारण हो कि किसी लापता व्यक्ति के मामले में मानव तस्करी शामिल है तो चार महीने की अवधि पूरी होने का इंतजार किए बिना उसे एक विशेष यूनिट को सौंप दिया जाना चाहिए। इसमें केंद्र और सभी राज्यों व केंद्र-शासित प्रदेशों को यह भी आदेश दिया गया कि वे अपनी मानव तस्करी-रोधी यूनिटों को चार हफ्ते के भीतर पूरी तरह से चालू और सक्रिय करें।


अन्य पोस्ट