रायपुर
रायपुर, 4 अक्टूबर। सरकार बताये तारा कोल ब्लॉक नीलामी कब रद्द होगी? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि तारा कोल ब्लॉक नीलामी के संबंध में सरकार की तरफ से कोई भी कदम नहीं उठाया गया है। यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार तारा कोल ब्लाक को अडानी को सौंपने से पीछे नहीं हटने वाली भले ही इसके लिए लाखों पेड़ काटने पड़े, लेमरू हाथी अभ्यारण्य का नुकसान हो, आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन तबाह हो साय सरकार अडानी के हितों से समझौता नहीं करेगी।
बैज ने कहा कि तारा कोल ब्लाक लगभग 5000 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिसमें से 4000 एकड़ से अधिक घना जंगल है। इसके लिए 10 लाख से अधिक पेड़ों को पूरी तरह काट दिया जाएगा। लेमरू एलीफेंट रिजर्व के चारों ओर खनन होगी, जिससे भारत के राष्ट्रीय धरोहर पशु हाथी के आवाजाही के रास्ते पर गंभीर असर पड़ेगा, जबकि हाथियों की संख्या में कमी का संकट पहले से ही बना हुआ है। कई अन्य प्रजातियां भी इससे और अधिक खतरे में पड़ जाएंगी।
बैज ने कहा कि हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोल ब्लाक की नीलामी के लिए साय सरकार ने कोयला मंत्रालय को पत्र लिखा था। यह पत्र 11 दिसंबर 2025 को साय सरकार ने लिखा था जबकि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने 23 जून 2023 को तारा सहित 9 कोल ब्लाको को नीलामी से अलग रखने के लिए पत्र लिखा था। भाजपा बताये कि उनकी सरकार ने तारा कोल ब्लॉक नीलामी के लिए अनुशंसा क्यों किया था?
बैज ने कहा कि जिस भाजपा सरकार ने स्वयं कोल ब्लॉक नीलामी के लिए केंद्र को पत्र लिखा हो वही आगे की अनुमति नहीं देगी, इस पर विश्वास नहीं किया जा सकता। राज्य सरकार के कारण ही तारा कोल ब्लॉक की नीलामी भी हुई है। भाजपा सरकार पर छत्तीसगढ़ को अडानीगढ़ बनाने पर तुली हुई है। हसदेव अरण्य का यह क्षेत्र पांचवी अनुसूची का भाग है, जहां नए खदान स्थापित करने का लगातार विरोध स्थानीय आदिवासियों के द्वारा किया जा रहा है। यह सरकार आदिवासियों के अधिकारों को कुचल रही है। कई गांवों के आदिवासी समुदाय लगातार आंदोलित हैं, कई ग्राम सभाओं ने विरोधक प्रस्ताव भी पारित किये, लेकिन इस सरकार में किसी की सुनवाई नहीं है।
भगत छत्तीसगढ़ में घूम जाएं, कोई मुद्दा नहीं मिलने वाला : पांडे
रायपुर, 4 अक्टूबर। बस्तर में कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत के दौरे पर सांसद और भाजपा प्रमुख प्रवक्ता संतोष पांडे ने कहा कि भगत जी आएं, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष चरणदास के साथ सिंहदेव का प्रशिक्षण करें। देखते हैं कितना दमखम है, देखते हैं नए प्रभारी कितना चलाते हैं?।
भगत के बस्तर दौरे से कांग्रेस को कुछ मिलने के सवाल पर संतोष पांडे ने कहा कि न सरगुजा में मिलेगा, न बस्तर में मिलेगा।?छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सरकार है. गुड गवर्नेंस में सबसे टॉप पर हैं।भगत जी छत्तीसगढ़ में घूम जाएं। कहीं कोई मुद्दा नहीं मिलने वाला है। कोई फायदा नहीं होगा। वहीं बस्तर के नेता वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है। बस्तर में कांग्रेस की नब्ज टटोलने आ रहे हैं। कांग्रेस ने कभी बस्तर की चिंता नहीं की है।केवल राजनीति करने की दृष्टि से आते हैंं,जब सत्ता में होते हैं, तो उनका रवैया सौतेले भाई की तरह होता हैं ,पक्षपात करते हैं। उनकी नीतियों की वजह से बस्तर नक्सलवाद से ग्रसित रहा। अब बस्तर में जाकर अपना नब्ज टटोलेंगे. बस्तर में पार्टी किस तरह से स्वागत करती है ये देखना होगा।
दीनदयाल ऑडिटोरियम में कल सेवा सेतु शिविर
रायपुर, 4 अक्टूबर। सरकार आपके द्वार के तहत दीनदयाल ऑडिटोरियम में कल 5 अक्टूबर को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया है। इसमें रायपुर पश्चिम विधानसभा के जोन 1, 2, 5,7, 8 क्षेत्र अंतर्गत 20 वार्डो के रहवासी नागरिकों की मांग, समस्याएं सुलझाईं जाएंगी।