रायपुर
मोदी की गारंटी लागू करो, नारों से गूंजेगा नया रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अक्टूबर। अपनी 5 मांगों को लेकर मंत्रालय का घेराव करने की तैयारी के लिए एक मांग एक मंच अभियान से जुड़े प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संघ के प्रांत प्रतिनिधियों की बैठक राजधानी में हुई।
बैठक में 30 अक्टूबर को इंद्रावती भवन के गेट नंबर 1 से मंत्रालय के मुख्य द्वार तक रैली निकाले जाने का सैद्धांतिक निर्णय लिया गया। रैली में कर्मचारियों और पेंशनरों की उपस्थिति पर विशेष रूप से चर्चा की गई। 12 अक्टूबर को फिर से बैठक होगी। इसमें मांग पत्र और रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जायेगा।
बैठक में अनिल शुक्ला प्रांत संयोजक कर्मचारी अधिकारी संयुक्त मोर्चा, करन सिंह अटेरिया प्रांतीय संयोजक एक मांग एक मंच अभियान, ओ पी शर्मा प्रांतीय संरक्षक स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जितेंद्र सिंह पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कोषालय कर्मचारी संघ, रमाकांत झा प्रांत अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रिंसिपल एसोसिएशन, संजय तिवारी प्रांत अध्यक्ष शिक्षक कर्मचारी संघ, पी आर साहू प्रांत अध्यक्ष लघु वेतन कर्मचारी संघ, सतीश टंडन नवीन शिक्षक संघ, यूनुस खान जिलाध्यक्ष पेंशनधारी कल्याण संघ सहित और पेंशनर फोरम के प्रांतीय प्रवक्ता विद्याभूषण दुबे उपस्थित थे।