रायपुर
डॉ. गुप्ता ने मुख्य सचिव से योजना रद्द करने कहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के एक प्रभावशाली मंत्री की पत्नी की कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड, की जमीन के मामले में, नया खुलासा हुआ है । आरोप है कि मंत्री की पत्नी की कंपनी को अंतिम प्लॉट आवंटित करने पर आमजन कोई आपत्ति न दर्ज कर सके, इसके लिए कानून के प्रावधान के विरुद्ध अधिसूचना जारी की गई। इतना ही नहीं गुप्ता की आपत्ति के बाद सारे दस्तावेज वेबसाइट से डिलिट कर दिए गए।
प्रदेश कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और समाजसेवी डॉक्टर राकेश गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 50(3) में योजना के प्रारूप पर आपत्ति बुलाने का प्रावधान है। अधिनियम के अनुसार इसमें कोई भी आपत्ति दर्ज कर सकता है, परंतु रायपुर विकास प्राधिकरण ने जो अधिसूचना जारी की, उससे जनता का यह अधिकार छीन लिया और सिर्फ योजना से प्रभावित लोगों से आपत्ति बुलाई, ताकि आमजन मंत्री की पत्नी की कंपनी को महंगे प्लॉट आवंटन पर कोई आपत्ति दर्ज न कर सके।
डॉक्टर गुप्ता ने अधिकारियों से पूछा कि वे स्पष्टीकरण जारी कर आम जनता को बताएं कि किसके कहने पर उन्होंने आमजन को आवाज उठाने से मना किया। क्या किसी मंत्री के कहने पर यह किया गया?
डॉक्टर गुप्ता ने बताया कि अधिनियम की धारा 50(3) के अनुसार प्रारूप योजना जारी करने के साथ-साथ कुछ जानकारी और दस्तावेज आम जनता के लिए उपलब्ध कराए जाने हैं। इनमें योजना की लागत का दस्तावेज भी शामिल है। अधिसूचना में लिखा है कि यह दस्तावेज रायपुर विकास प्राधिकरण की वेबसाइट पर डाले गए हैं।
उन्होंने कहा कि अधिसूचना 11 सितंबर को जारी की गई और यह दस्तावेज पाँच दिन बाद वेबसाइट पर अपलोड किए गए। डॉक्टर गुप्ता ने कहा कि जब उन्होंने दावा किया कि रायपुर विकास प्राधिकरण योजना से 1,000 करोड़ रुपए के प्लॉट बेचकर 800 करोड़ रुपए की कमाई करेगा, तो योजना की लागत 208 करोड़ रुपए बताने वाले दस्तावेज वेबसाइट से हटा लिए गए।
डॉक्टर गुप्ता ने कहा कि पूरी योजना को अवैध बताते हुए है मुख्य सचिव को एक और पत्र लिखकर योजना को निरस्त करने की मांग की है।