रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अक्टूबर। एमजी मोटर्स् की एजेंसी दिलाने का झांसा देकर रायपुर के एक ठेकेदार से 21.45 लाख की धोखाधड़ी हो गई। पीडि़त की शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है मामले में जांच की जा रही है।
रायपुरा निवासी मनोज कुमार सिन्हा ने बताया कि 27 जुलाई 2026 को उसके फेसबुक पर एमजी मोटर्स् का विज्ञापन आया था। विज्ञापन में रायपुर में शोरूम खोलने के लिए आवेदन करने का एक लिंक दिया गया था। मनोज ने दिए गए लिंक को ओपन कर उसमें मांगी गई सारी जानकारी उसमें दे दी।
अगले दिन उसके मोबाइल पर किसी महिला का फोन आया था। जिसमें उसने खुद को एमजी मोटर्स् का कर्मचारी बता एजेंसी के लिए आवेदन मिलने की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने पंजीयन शुल्क के लिए 2 लाख 95 हजार 700 रुपए की मांग की। जिस पर सहमती देते हुए मनोज ने उसके बताए गए बैंक खाता में रकम जमा करा दी।
इसके बाद आरोपी ने पून: कॉल कर शोरूम खोलने के लिए सुरक्षा राशि के नाम पर 18 लाख 50 हजार जमा कराए। इसके बाद आरोपियों ने 12 गाडिय़ों भिजवाने का आश्वासन गाडिय़ों की कीमत का 20 प्रतिशत राशि जमा करने को कहा। इस पर जब मनोज कुमार सिन्हा ने शक होने पर एम जी मोटर्स् के हेड ऑफिस जाकर इसकी जानकारी ली। दिए गए मोबाइल नम्बर पर संपर्क करने पर मोबाइल बंद आने लगा। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों से जानकारी लेने पर पता चला कि मोबाइल नम्बर कंपनी का नहीं है और न ही इस प्रकार की कोई विज्ञापन या निविदा कंपनी ने जारी नहीं किया है। ठगी होने के शक में उसने रायपुर लौट कर डीडीनगर थाना में इसकी लिखित शिकायत दी है।