रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची में 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं की कमी को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कुल मतों का अंतर 6 लाख 32 हजार 382 यानी 4.04 प्रतिशत था। इसके मुकाबले एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या में हुई कमी इस अंतर से करीब चार गुना है।
अकबर ने एक बयान में कहा कि एसआईआर के दौरान 19 लाख 13 हजार 540 मतदाताओं को ‘शिफ्टेड/एब्सेंट’ श्रेणी में रखा गया। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इनमें ऐसे मतदाता शामिल थे जो अपने पते पर नहीं मिले, गणना प्रपत्र जमा नहीं कर पाए या अन्य राज्य अथवा केंद्रशासित प्रदेश में मतदाता के रूप में पंजीकृत हो चुके थे। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक अंतिम मतदाता सूची में राज्य में 1 करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाता हैं, जबकि एसआईआर से पहले यह संख्या 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 थी।
अकबर ने कहा कि केवल किसी समय घर पर अनुपस्थित रहने या गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं होने के आधार पर किसी व्यक्ति को स्थायी रूप से अनुपस्थित अथवा मतदाता के रूप में अपात्र मानना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम हटने की आशंका की व्यक्तिगत स्तर पर जांच होनी चाहिए और जिन लोगों को अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं मिला है, उन्हें पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए।
पूर्व मंत्री ने निर्वाचन आयोग से ‘शिफ्टेड/एब्सेंट’ श्रेणी में शामिल मतदाताओं के मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच और सुनवाई के बाद पात्र पाए जाने वाले मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दोबारा जोडऩे की कार्रवाई की जानी चाहिए। निर्वाचन आयोग ने भी एसआईआर के दौरान स्पष्ट किया था कि वास्तविक पात्र मतदाता दावे-आपत्ति की प्रक्रिया के जरिए अपना नाम वापस जुड़वा सकते हैं।