रायपुर

बस्तर बाढ़ नुकसान पर किरण देव ने केंद्र और राज्य से राहत पैकेज मांगा
02-Oct-2026 6:05 PM
बस्तर बाढ़ नुकसान पर किरण देव ने केंद्र और राज्य से राहत पैकेज मांगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 अक्टूबर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने बस्तर संभाग में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार से प्रभावितों के लिए विशेष राहत एवं मुआवजा पैकेज स्वीकृत करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा को पत्र लिखकर तत्काल राहत के साथ दीर्घकालिक बाढ़ प्रबंधन की योजना बनाने का आग्रह किया है।

देव ने पत्र में कहा है कि ओडिशा के खातीगुड़ा बांध से अचानक भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने से इंद्रावती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया। इससे जगदलपुर शहर के कई वार्ड और आसपास के ग्रामीण क्षेत्र जलमग्न हुए हैं। फसलें बर्बाद हुईं, मकानों को नुकसान पहुंचा, मवेशी बह गए और जनजीवन प्रभावित हुआ। उन्होंने अंतरराज्यीय जल समन्वय और अग्रिम चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत बताई है।

देव ने बाढ़ में नष्ट खरीफ फसलों के लिए एनडीआरएफ मद से प्रति एकड़ विशेष राहत राशि, क्षतिग्रस्त मकानों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राथमिकता से नए मकान और तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने बहे पशुधन तथा प्रभावित छोटे व्यापारियों और दुकानदारों के नुकसान का सर्वे कराकर डीबीटी के जरिए मुआवजा देने का भी आग्रह किया है।

जोरा नाला की नई डीपीआर और

गेटेड रेगुलेटर की मांग

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जोरा नाला के लिए नए सिरे से डीपीआर तैयार कर उसके क्रियान्वयन की मांग की है। उन्होंने आधुनिक हाइड्रोलॉजिकल अध्ययन के आधार पर जोरा नाला के अनियंत्रित कटाव और इंद्रावती के जल विचलन को नियंत्रित करने की व्यवस्था विकसित करने तथा स्वचालित गेटेड रेगुलेटर स्ट्रक्चर बनाने का सुझाव दिया है।

उन्होंने इंद्रावती बेसिन में पौधरोपण, मृदा संरक्षण और कंटूर ट्रेंचिंग, नदी में जमा गाद हटाने के लिए ड्रेजिंग तथा जगदलपुर में एकीकृत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की जरूरत बताई है। नदी के संवेदनशील तटवर्ती क्षेत्रों में गाइड बांध और तटबंध बनाने का भी सुझाव दिया गया है।

देव ने खातीगुड़ा बांध से पानी छोड़े जाने के समय और मात्रा का रियल-टाइम टेलीमेट्री डेटा छत्तीसगढ़ के साथ साझा करने की व्यवस्था तथा इंद्रावती बेसिन में सेंसर आधारित चेतावनी प्रणाली स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने कम से कम 24 से 48 घंटे पहले निचले इलाकों में चेतावनी पहुंचाने की व्यवस्था बनाने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र सरकार की अंतर-मंत्रालयीन टीम को बस्तर भेजकर बाढ़ से हुए नुकसान का भौतिक सत्यापन कराने तथा ‘विशेष बस्तर बाढ़ राहत, जोरा नाला डीपीआर एवं पुनरुद्धार पैकेज’ को मंजूरी देने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट