रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। ओपीएस बहाली की मांग को लेकर देशभर में चरणबद्ध प्रदर्शन आंदोलनों के बीच रेलवे में एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) नियम, 2026 लागू कर दिए गए हैं। यह ऐसे समय लागू किया गया है जब 8 वां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों के साथ रेल कर्मियों से भी रायशुमारी कर रहा है। ऐसे में यह समझा जा रहा है कि आयोग ओपीएस की बहाली को लेकर कोई सिफारिश नहीं करेगा और केंद्र सरकार भी पुरानी व्यवस्था लागू नहीं करेगी।
रेल मंत्रालय द्वारा 29 सितंबर को जारी पत्र संख्या आरबीई नंबर 76/2026 के अनुसार, एकीकृत पेंशन योजना मुख्य रूप से एक जनवरी 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए है।
इसके तहत 25 साल की नियमित सेवा पूरी करने वाले कर्मी को सेवानिवृत्ति से पहले के 12 माह के औसत मूल वेतन का 50 प्रतिशत पेंशन के रूप में मिलेगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत निवेश के विकल्प बढ़ाने के लिए पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) के निर्देश भी लागू किए गए हैं। 10 से 25 साल की सेवा वाले कर्मचारियों को सेवा अवधि के अनुपात में पेंशन मिलेगी।
न्यूनतम 10 साल की अर्हकारी सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों के लिए 10 हजार रुपये मासिक पेंशन का प्रविधान किया गया है। कर्मचारी अपने मूल वेतन और महंगाई भत्ते का 10 प्रतिशत योगदान करेगा, जबकि रेलवे भी 10 प्रतिशत का समान योगदान करेगा। एकीकृत पेंशन योजना के तहत पेंशनभोगी की मृत्यु के बाद परिवार को उसकी सुनिश्चित पेंशन का 60 प्रतिशत पारिवारिक पेंशन के रूप में मिलेगा।
सेवानिवृत्ति के समय एकमुश्त भुगतान का भी प्रविधान है। प्रत्येक छह माह की सेवा के लिए अंतिम मूल वेतन और महंगाई भत्ते के योग का दसवां हिस्सा एकमुश्त राशि के रूप में दिया जाएगा। योजना का विकल्प चुनने वाले कर्मचारी को पूरी सेवा अवधि में एक बार एनपीएस में वापस जाने का अवसर भी मिलेगा। नई व्यवस्था में एनपीएस के अंशदाताओं को अपने निवेश का विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी।