रायपुर

मान्यता के लिए अंग्रेजी की अनिवार्यता, स्कूल संचालकों ने अव्यवहारिक कहा
01-Oct-2026 7:25 PM
मान्यता के लिए अंग्रेजी की अनिवार्यता, स्कूल संचालकों ने अव्यवहारिक कहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 1 अक्टूबर। निजी स्कूल प्रबंधन  संगठन ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने मान्यता के लिए अंग्रेजी की अनिवार्यता के निर्णय को बहुत ही अव्यवहारिक बताया है। अध्यक्ष रेणु पिल्ले को लिखे पत्र में कहा है कि इससे प्रदेश में खुलने वाले नए विद्यालय को मान्यता मिलना नामुमकिन है।

अध्यक्ष राजीव गुप्ता, सचिव मोती जैन ने कहा कि नए नियम एक तरीके से इसलिए भी तर्कसंगत नहीं है क्योंकि इससे सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले विद्यार्थी प्रदेश में शिक्षक नहीं बन पाएंगे क्योंकि सरकार के आत्मानंद को छोडक़र अंग्रेजी स्कूल नहीं है। मण्डल द्वारा अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों की मान्यता एवं संबंद्धता नियमों में शिक्षकों की शिक्षा (12वीं एवं स्नातकोत्तर) में  अनिवार्य रूप से अंग्रेजी माध्यम से उत्तीर्ण होने की शर्त जोडऩे से अशासकीय विद्यालयों के सामने मान्यता लेना कठिन हो गया है ।इस नए नियम से अशासकीय विद्यालयों को व्यावहारिक समस्याएं आ रहीं है ,जैसे :-राज्य और विशेषकर ग्रामीण व अर्ध-शहरी अंचलों में ऐसे शिक्षक अत्यंत सीमित संख्या में उपलब्ध हैं जिनकी 12वीं से लेकर स्नातकोत्तर तक की पूरी पढ़ाई विशुद्ध रूप से अंग्रेजी माध्यम से हुई हो। इस कड़ी शर्त से निजी विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता शून्यप्राय हो जाएगी जिसका सीधा असर स्कूल संचालन और छात्र-हित पर पड़ेगा।गुप्ता ने कहा कि संगठन का आग्रह है कि  पूर्व से कार्यरत शिक्षकों को इस नियम से पूर्ण छूट दी जाए।


अन्य पोस्ट