रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 अक्टूबर। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत शासकीय दुधाधारी बजरंग महिला स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय, के गृहविज्ञान विभाग द्वारा छात्राओं में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की थीम मेरी आंगनबाड़ी, मेरी जिम्मेदारी एवं सशक्त भारत, सुपोषित भारत रही। 17 सितम्बर को पोषण एवं स्वास्थ्य विषय पर व्याख्यान में डॉक्टर अभया जोगलेकर मुख्य वक्ता रहीं। 26 को निबंध लेखन तथा स्वस्थ आहार/पाक कला प्रतियोगिता, 28 को पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिता तथा 29 सितम्बर को पोषण मेला एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई।
पाक कला प्रतियोगिता में छात्राओं ने स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों का उपयोग कर नवीन एवं स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए। पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता में जंक फूड, पारंपरिक आहार, संतुलित आहार, बाल एवं मातृ पोषण तथा आंगनबाड़ी की भूमिका जैसे विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। गृहविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा बनर्जी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम संयोजन में डॉ. अलका वर्मा, डॉ. रेखा दीवान एवं श्रीमती ज्योति मिश्रा की भूमिका रही।