रायपुर

कृषि विकास के लिए छग को मिले 181.99 करोड़
30-Sep-2026 7:00 PM
 कृषि विकास के लिए छग को मिले 181.99 करोड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 30 सितंबर। राज्यों के कृषि मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन ‘रबी अभियान 2026’ के अवसर पर  केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  शिवराज सिंह चौहान से छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री  रामविचार नेताम ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान  श्री चौहान ने छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र और किसानों के हित में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना एवं कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत कुल 181.99 करोड़ रुपये की द्वितीय मद की राशि जारी किए जाने की जानकारी दी ।  भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को जारी 181.99 करोड़ रुपये में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत 91.20 करोड़ रुपये तथा कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत 90.79 करोड़ रुपये शामिल हैं। इस राशि से राज्य में कृषि से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा किसानों को इसका लाभ प्राप्त होगा।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पत्र में कहा है कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने तथा राज्यों के साथ मिलकर कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ सरकार इस राशि का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग करते हुए राज्य के किसानों तक इसका अधिकतम लाभ पहुंचाएगी।


अन्य पोस्ट