रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 सितंबर। सकल दिगंबर जैन समाज छत्तीसगढ़ के द्वारा 29-09-2026 मंगलवार को दो दिवसीय अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन अग्रसेन धाम में किया गया. सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, ओडिशा और महाराष्ट्र से युवक-युवतियां शामिल हुए.मंच से 200 से ज्यादा युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया और अपनी पसंद के साथ जीवनसाथी को लेकर अपेक्षाएं भी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान युवक-युवतियों की परिचय पुस्तिका ‘शगुन 2026’ का विमोचन भी किया गया. इसमें 500 से ज्यादा युवक-युवतियों की जानकारी प्रकाशित की गई है.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रकाश मोदी ने की . कार्यक्रम में विनोद जैन बडज़ात्या, नरेंद्र जैन बडज़ात्या, गजेंद्र पाटनी, संदीप लुहारिया, अजीत जैन, क्षितिज जैन और संजय जैन सहित समाज के लोग मौजूद रहे ।
कार्यक्रम में अभिषेक मोदी ने भजनों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ नि:शक्तजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवाडिया और छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा शामिल हुए।
मंच का संचालन श्रीमती अनामिका बाकलीवाल और तल्लीन बडज़ात्या इंदौर ने किया?।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि पुनीत सागर महाराज ने कहा कि जीवन में दुखों से छुटकारा पाने के लिए श्रवण और साधना का मार्ग अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति मुनि बनने की क्षमता नहीं रखता है तो उसे श्रावक धर्म का पालन करना चाहिए। मुनि और श्रावक धर्म को उन्होंने धर्म रूपी रथ के दो पहिए बताया ।
परिचय सम्मेलन में शामिल युवक-युवतियों को शुभकामना देते हुए उन्होंने कहा कि दिन में कम से कम एक बार प्रभु के दर्शन करने का संकल्प लेना चाहिए .उन्होंने कहा कि प्रभु के दर्शन और भक्ति से जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है और व्यक्ति को अपने कर्मों के प्रति जागरूक होना चाहिए ।
प्रारंभ में सुनील के निर्देशन में भक्तामर जी का पाठ किया गया । प्रदीप जैन विश्व परिवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।