रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 सितंबर। आरंग इलाके में 13 साल की नाबालिग बालिका से लैंगिक हमला करने के मामले में फास्ट ट्रैक विशेष अदालत ने आरोपी रूपेश साहू 31 को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। फैसला अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ फास्ट ट्रैक विशेष जज गिरीश कुमार मंडावी की अदालत ने सुनाया।घटना 5 जनवरी 2026 को आरंग के ग्राम फरफौद के पास हुई थी। आरोपी ने रास्ते में तीन नाबालिग बालिकाओं को रोककर उनके साथ जबरदस्ती की। आरंग पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो मामले में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धारा 131 के तहत दो मामलों में दोषी माना। दोनों मामलों में 3-3 माह के सश्रम कारावास और 500-500 रुपए के जुर्माने की सजा सुनाई गई। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक-एक माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।वहीं, एक नाबालिग के साथ लैंगिक हमला किए जाने के अपराध में तीन साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। अदालत ने पीडि़ता के मानसिक क्षतिपूर्ति के लिए एक लाख रुपए प्रतिकर दिए जाने का भी आदेश दिया है। मामले में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक मोनिष बोस ने पैरवी की।
नाबालिग से रेप, दोषी को उम्रकैद
खमतराई इलाके में 13 वर्ष 11 माह की नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपहरण कर उसके साथ रेप करने के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी मुनेन्द्र ध्रुव को दोषी ठहराया है। न्यायालय ने मामले में पीडि़ता की शारीरिक एवं मानसिक क्षति को देखते हुए उसे पांच लाख रुपए प्रतिकर दिए जाने की अनुशंसा भी की । फैसला सोमवार को अपर सत्र न्यायालय जज अच्छेलाल काछी ने सुनाया। सरकारी वकील डालेश्वर साहू ने बताया कि 10 दिसंबर 2025 की शाम नाबालिग घर से लापता हो गई थी। उसकी मां ने 11 दिसंबर को खमतराई थाने में इसकी सूचना दी थी। जिसके आधार पुलिस ने धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी और पीडि़ता एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर उसे अपहरण कर ले गया था। इस बीच नाबालिग के साथ शारीरिक संबंध बनाए। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत आरोप प्रस्तुत किए थे।मामले की जांच के दौरान पीडि़ता सहित अन्य लोगों के बयान अदालत में दर्ज कराए गए। अदालत ने मामले में गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया। अदालत ने पीडि़ता को हुई शारीरिक एवं मानसिक क्षति और पुनर्वास की आवश्यकता को देखते हुए पांच लाख रुपए की क्षतिपूर्ति राशि प्रदान करने का आदेश भी जारी किया।