रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 सितंबर। छत्तीसगढ़ आयुर्वेदिक तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति एवं प्राकृतिक चिकित्सा परिषद रायपुर के तृतीय परिषद गठन किया जा रहा है।
इसमें संभागीय प्रतिनिधि निर्वाचन के लिए मतगणना 30 सितंबर को दोपहर 12 बजे से परिषद कार्यालय में होगी । निर्वाचन पदाधिकारी एवं रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला ने बताया कि अधिनियम के अनुसार राज्य के पांचों संभाग से प्रतिनिधि निर्वाचन की अधिसूचना 15 जून को जारी की गई थी। इस निर्वाचन के लिए सभी संभागों के कुल 5187 मान्य मत मतदाताओं को डाक मतपत्र भेजा गया था जिसमें कुल 74 फीसदी यानी 3845 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। यह चुनाव डाक मतपत्र के द्वारा संपन्न कराया जा रहा है।
डॉ शुक्ला ने बताया कि इस चुनाव में रायपुर राजस्व आयुक्त संभाग से 3 , बिलासपुर से 5, सरगुजा से 5 , दुर्ग से 4 एवं बस्तर संभाग से 2 उम्मीदवार चुनावी मैदान में है। चुनाव में सर्वाधिक 1490 मतदाता बिलासपुर संभाग से तथा सबसे कम 365 मतदाता बस्तर संभाग से थे। मतगणना के बाद निर्वाचित प्रतिनिधि को निर्वाचन प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।