रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 सितंबर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की राष्ट्रीय कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 3 एवं 4 अक्टूबर को राजस्थान के कोटा में होगी। बैठक में छत्तीसगढ़ से महासंघ के 11 पदाधिकारी
भाग लेंगे। बैठक की अध्यक्षता भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष डॉ. सी. एच. सुरेश, केरल करेंगे। इस दौरान विभिन्न राज्यों में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की तिथि, राज्य एवं स्थान निर्धारित करने पर विचार-विमर्श होगा।
राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक के दूसरे दिन रविवार 4 अक्टूबर को रामपुरा, कोटा स्थित सब्जी मंडी के पास गीता भवन में विशेष कार्यक्रम होगा। यहां अयोध्या राष्ट्रीय अधिवेशन के उपलक्ष्य पर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे । कार्यक्रम में विधायक संदीप शर्मा भी उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ से बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव श्रीमती द्रौपदी यादव , बी. के. वर्मा, पी. आर. साहू , जे. पी. मिश्रा, अनिल गोल्हानी, टी. पी. सिंह, बी. एस. दसमेर, एम. एन. पाठक , रामनारायण ताटी तथा एस. सी. श्रीवास्तव शामिल होंगे। प्रतिनिधिमंडल 1 अक्टूबर को रवाना होगा।