रायपुर

मुनिश्री आगम सागर ससंघ के सानिध्य में दशलक्षण महापर्व का समापन
27-Sep-2026 7:06 PM
मुनिश्री आगम सागर ससंघ के सानिध्य में दशलक्षण महापर्व का समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 सितंबर। सकल दिगम्बर जैन समाज ने रविवार को दोपहर सामूहिक क्षमावाणी महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर रायपुर का समस्त जैन समाज एक मंच पर एकत्र होकर उत्तम क्षमा भाव के साथ वर्षभर में जाने-अनजाने में हुई गलतियों के लिए परस्पर हाथ जोडक़र क्षमा याचना मिच्छामि दुक्कडं किया । और वैर-भाव को भुलाकर आत्मीयता व प्रेम का संदेश दिया।

इसी क्रम में दशलक्षण धर्म के कठिन व्रतों एवं तपस्या का पालन करने वाले तपस्वियों के महान तप की अनुमोदना करते हुए आज उनका भव्य अभिनंदन व सम्मान तथा द्वितीय पारणा महोत्सव आयोजित किया गया। जिसमें  रविवार प्रात:  07:30 बजे: देव, शास्त्र, गुरु के परम सानिध्य में तपस्वियों एवं सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक धुनों में नाचते गाते, बैंड बाजे के साथ रथ श्रीजी को विराजमान कर  साथ ही अन्य रथों में सवार होकर तपस्वियों को सम्मान नगर भ्रमण करवाया गया।

आज  मुनि श्री आगम सागर ने मंगल प्रवचन में जीवन को सुखी, शांत और संस्कारी बनाने के लिए कई गूढ़ एवं व्यावहारिक सूत्र दिए। मुनिश्री ने कहा कि जब तक यह संसार है, तब तक इसमें उथल-पुथल बनी रहेगी। यदि जीवन में वास्तविक शांति चाहिए, तो आत्मा के विकारों और कषायों (क्रोध, मान, माया, लोभ) का त्याग कर क्षमा भाव को अपनाना होगा।

मुनिश्री ने कहा कि यह पावन चातुर्मास सभी के जीवन के लिए एक महान वरदान सिद्ध होगा। आगामी क्षमावाणी (क्षमा पर्व) के पावन अवसर पर अपने हृदय के सभी द्वेष मिटा दें। जिससे भी आपकी बोलचाल बंद हो, बैर-विरोध हो, उसे स्वयं आगे बढक़र सिर झुकाकर और सम्मानपूर्वक बुलाएं व क्षमा याचना करें। सच्चा धर्म वही है जो दिलों को जोड़ता है।


अन्य पोस्ट