रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 सितंबर। जीआरपी ने स्टेशन परिसर से तीन लोगों के लापता होने का मामला दर्ज किया है। जीआरपी ने परिजनों की शिकायत अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
जीआपी के मुताबिक मुंगेली जिले की दुर्गा सोनी 23 का है। उसकी छोटी बहन रूखमणी सोनी ने 17 जून को जीआरपी थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि दोनों बहनें 14 जून को रायपुर आई थीं। उन्हें सोनू चौहान उर्फ जयनारायण चौहान ने रेलवे स्टेशन पर काम दिलाने के लिए बुलाया था। रूखमणी के मुताबिक उसे रेलवे स्टेशन पर बैठाकर सोनू, दुर्गा के साथ वहां से चला गया। इसके बाद दुर्गा का पता नहीं चला। परिजनों के अनुसार दुर्गा को आखिरी बार 15 जून की सुबह करीब 6.28 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन पर देखा गया था।
दूसरा मामला बलिया, उत्तर प्रदेश निवासी विजय राजभर 37 का है। उसके भतीजे सिंटू कुमार ने जीआरपी थाना रायपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि विजय राजभर 17 जून को सारनाथ एक्सप्रेस से रायपुर पहुंचा था। उसे आगे विशाखापटनम जाना था और रात 8 बजे कोरबा एक्सप्रेस से रवाना होना था।
रिपोर्ट के मुताबिक विजय अपने परिचित विपिन राजभर के साथ सर्वधर्म मंदिर के पास बैठा था। बताया गया कि विजय नशे की हालत में था और कुछ समय बाद विपिन के खाना लेने जाने के दौरान वहीं बैठा रहा। विपिन जब वापस लौटा तो विजय मौके पर नहीं मिला। मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद बताने लगा। रिश्तेदारों ने स्टेशन सहित आसपास तलाश की, लेकिन विजय का पता नहीं चला।
वहीं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 65वीं वाहिनी के आरक्षक लापता हो गया। उनकी पत्नी कोप्पला भवानी ने 29 मई को जीआरपी थाना में शिकायत दर्ज कराई। सत्यनारायणा 13 अप्रैल से अवकाश पर अपने गांव आंध्र प्रदेश गए थे। जहां से वे 23 अप्रैल को रायपुर पहुंचे और पत्नी को फोन कर रायपुर पहुंचने और बटालियन जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और वे अपनी यूनिट में भी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे।
परिजनों ने अपने स्तर पर पता तलाश की। बाद में 15 मई को रायपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई गई, जिसमें सत्यनारायणा 28 अप्रैल को टिकट काउंटर के सामने दिखाई दिए। इसके बाद जीआरपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
तीनों ही मामलों में जीआरपी ने गुमशुदगी की जांच शुरू करने के बाद प्रकरणों में आगे की विवेचना की जा रही है।