रायपुर

‘रक्षक’ पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय पहचान, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को स्काच गोल्ड अवार्ड
26-Sep-2026 5:49 PM
‘रक्षक’ पाठ्यक्रम को राष्ट्रीय पहचान, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग को स्काच गोल्ड अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 सितंबर। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अभिनव ‘रक्षक’ पाठ्यक्रम को स्काच गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। 

यह सम्मान स्काच ग्रुप के चेयरमैन  समीर कोचर ने आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को  प्रदान किया। इस अवसर पर पर्यावरणविद  सुनीता नारायण, पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया की सुश्री पूनम मुटरेजा,  पूर्व केंद्रीय सचिव संजय कुमार और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के पूर्व महासचिव  भरत लाल उपस्थित थे।

डॉ. शर्मा ने बताया कि पुरस्कार की चयन प्रक्रिया में आयोग ने जूरी के समक्ष ‘रक्षक’ पाठ्यक्रम का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मूल्यांकन के बाद इस पहल को गोल्ड श्रेणी में चुना गया। ‘रक्षक’ यानी पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन प्रोटेक्शन ऑफ चाइल्ड राइट्स  एक वर्षीय, दो सेमेस्टर का पाठ्यक्रम है। इसमें प्रवेश की न्यूनतम योग्यता स्नातक है। इसका उद्देश्य बाल संरक्षण के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है। पाठ्यक्रम में सैद्धांतिक अध्ययन के साथ फील्ड वर्क, केस स्टडी और प्रोजेक्ट रिपोर्ट को शामिल किया गया है। विद्यार्थी बाल कल्याण समितियों, किशोर न्याय बोर्ड, बाल देखरेख संस्थाओं और स्वैच्छिक संगठनों के कार्यों से सीधे जुडक़र व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। पाठ्यक्रम में पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम, बाल विवाह एवं बाल श्रम प्रतिषेध, दत्तक ग्रहण, शिक्षा का अधिकार और पुनर्वास योजनाओं से जुड़े विषय शामिल हैं।


अन्य पोस्ट