रायपुर

अंचल में बारिश जारी, हाईवे में जलभराव
25-Sep-2026 7:45 PM
अंचल में बारिश जारी, हाईवे में जलभराव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 सितंबर। गुरुवार दोपहर से अंचल में हो रही बारिश से एक बार डोंगरगढ़ से लेकर राजधानी तक जगह जगह जल भराव से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। बाइक से लेकर ट्रक तक रेंगते हुए चल रहे हैं।  सबसे विकट स्थिति

दुर्ग से रायपुर की ओर टाटीबंध ओवर ब्रिज से पहले नेशनल हाइवे पर है । जहां घुटनों तक  पानी भरा हुआ है। राजधानी शहर के भी कई बस्तियों में जल घरों तक में घुस गया है और रहवासी रात भर पानी फेंकने में जुटे रहे।  लोगों ने शिकायत की है कि फोन काल करने के बाद भी कहीं भी जिला निगम के  बाढ़ नियंत्रण अमले की मदद नहीं मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यह स्थिति अभी दो दिन और बनी रहेगी। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में गहरे अवदाब व इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे के प्रभाव से शुक्रवार को मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में वर्षा के मुख्य आंकड़े (सेमी में)कोटा- 8, तोंगपाल-7, छिंदगढ़- 7, बास्तानार- 6, बिहारपुर-6, बड़े बचेली- 5, दोरनापाल- 5, सुकमा- 5, जगरगुंडा- 4, गादीरास- 4, दरभा- 4 वइनसे कम अनेक स्थानों पर हुई। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा डिप्रेशन  पिछले 6 घंटों के दौरान 10 किमी/घंटा की रफ़्तार से उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा।  यह रायगढ़ (ओडिशा) से लगभग 60 किमी दक्षिण-पूर्व, कोरापुट (ओडिशा) से 70 किमी पूर्व, कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से 90 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम और जगदलपुर (छत्तीसगढ़) से 150 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था। इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे धीर-धीरे कमज़ोर होकर डिप्रेशन में बदलने की बहुत संभावना है। इसके बाद, अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩा जारी रखने और धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना है।

कल के लिए चेतावनी:- एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा तथा गरज चमक के साथ तेज हवा (40-50 किमी की गति) वज्रपात होने की संभावना है।

रायपुर शहर में भी शुक्रवार को  आकाश सामान्यत: मेघमय रहने के साथ कुछ बार वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 27 डिग्री और 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

सूर्य नमस्कार और अर्ध्य देने वालों को मायूस होना पड़ा

आज सुबह से सूर्य के दर्शन ही नहीं हुए। सनातन परंपरा अनुसार सुबह सूर्य नमस्कार और अर्ध्य देने वाले सूर्योपासकों को मायूस होना पड़ा। कुछ ने सूर्योदय मानते हुए अपनी पूजा की। वैसे गुरुवार को भी नजर नहीं आया था। शुक्रवार को दोपहर बाद राजधानी में बादल और घने होकर धूप अंधेरे की तरह नजर आने लगे हैं।

 

प्रदेश में 100.1 प्रतिशत सामान्य वर्षा दर्ज बस्तर, नारायणपुर और बलरामपुर में झमाझम बरसे बादल

बीते दो दिनों से हो रही बारिश ने छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून की बारिश ने राज्य स्तर पर सामान्य आंकड़े को छू लिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार 25 सितंबर तक की स्थिति के अनुसार प्रदेश में अब तक 100.1त्न यानी शत-प्रतिशत सामान्य वर्षा दर्ज की जा चुकी है। 1 जून से 25 सितंबर की अवधि में राज्य में औसतन 1082.4 मि.मी. वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि बीते 10 वर्षों के आधार पर इस अवधि की संभावित औसत वर्षा 1081.5 मि.मी. मानी जाती है। बीते 24 घंटों में ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में औसतन 52.8 मि.मी. पानी बरसा है। 

क्षेत्रवार स्थिति पर नजर डालें तो इस बार सरगुजा, रायपुर और बस्तर संभाग के कई जिलों में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई है। बलरामपुर जिला 169.4 प्रतिशत बारिश के साथ प्रदेश में प्रतिशत के हिसाब से सबसे आगे बना हुआ है, जहाँ अब तक 1527.7 मि.मी. पानी गिर चुका है। वहीं कुल वर्षा की मात्रा के मामले में नारायणपुर जिला शीर्ष पर है, जहाँ अब तक रिकॉर्ड 1600.4 मि.मी. बारिश दर्ज हो चुकी है।  

मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में भी बारिश की स्थिति संतोषजनक बनी हुई है। जहां बारिश के साथ सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश का आंकड़ा अब भी सामान्य से पीछे चल रहा है। सरगुजा जिले में अब तक 606.6 मि.मी. (75.5प्रतिशत), जशपुर में 828.7 मि.मी. (79.7प्रतिशत), कबीरधाम में 672.0 मि.मी. (82.2प्रतिशत), बेमेतरा में 597.1 मि.मी. (74.5प्रतिशत), और कांकेर में 1110.7 मि.मी. (75.9प्रतिशत) बारिश दर्ज की गई है, जो औसत के मुकाबले कम की श्रेणी में आता है। इसी प्रकार मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (74.7प्रतिशत) तथा बीजापुर (78.7प्रतिशत) में भी प्रतिशत के लिहाज से औसत से कम बारिश दर्ज हुई है। इसके बावजूद बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोरबा, जांजगीर-चांपा, दुर्ग और राजनांदगांव जैसे जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य के काफी करीब बना हुआ है। 


अन्य पोस्ट