रायपुर
सिंघवी की प्रशासन से अपील
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 सितंबर। अधिवक्ता नितिन सिंघवी ने त्योहारी अवसरों पर होने वाले ध्वनि प्रदूषण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से अपील की है कि बच्चों के इलाज वाले अस्पतालों और नर्सिंग होम के आसपास तेज आवाज में डीजे बजने से रोका जाए। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाना जरूरी है, लेकिन ऐसे स्थानों का ध्यान रखा जाना चाहिए जहां बीमार बच्चे उपचार के लिए भर्ती हैं।
सिंघवी ने कहा कि कलेक्टर रायपुर ने उच्च न्यायालय के आदेश के बाद 24 नवंबर 2023 को जारी आदेश के माध्यम से विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और न्यायालयों के आसपास 100 मीटर की परिधि को साइलेंस जोन घोषित किया है। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत अस्पतालों में नर्सिंग होम और क्लिनिक भी शामिल हैं। इसके बावजूद अस्पतालों और चाइल्ड नर्सिंग होम के आसपास तेज आवाज में डीजे बजाए जाने की शिकायतें सामने आती हैं।
उन्होंने कहा कि आज के डीजे की आवाज कई बार 400 से 500 मीटर दूर तक सुनाई देती है। ऐसे में अस्पतालों के आसपास निर्धारित मौन क्षेत्र की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में थाने भी आते हैं, लेकिन कई बार थानों के आसपास भी डीजे बजते हैं।
सिंघवी ने कहा कि जिस स्थान पर बीमार बच्चों को इलाज के लिए लाया जाता है और जहां कोई बच्चा जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा हो, वहां तेज आवाज में डीजे बजने से उस बच्चे और उसके परिजनों पर क्या गुजरती होगी, इस पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहार कुछ दिनों का होता है, लेकिन बीमारी और पीड़ा किसी त्योहार को देखकर नहीं आती।
उन्होंने कहा कि एक ओर प्रशासन मौन क्षेत्र घोषित करता है और दूसरी ओर उसी क्षेत्र में डीजे बजता रहता है तो आम नागरिकों के मन में सवाल उठता है कि मौन क्षेत्र घोषित करने का उद्देश्य क्या रह जाता है।