रायपुर

महाराजबंध पहुंचे साव, सफाई के बाद भी गंदगी...
25-Sep-2026 7:39 PM
महाराजबंध पहुंचे साव, सफाई के बाद भी गंदगी...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा और प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव महाराजबंध तालाब पहुंचे और स्वच्छता अभियान में शामिल हुए।

कार्यक्रम के लिए दूधाधारी मंदिर के सामने मंच बनाया गया था। शहर के अलग-अलग जोनों से सफाई कर्मचारियों को भी मौके पर बुलाया गया। तालाब के आसपास की सडक़ों और कार्यक्रम स्थल की सफाई की गई। इसके बाद मंत्री साव तालाब के घाट पहुंचे और सांकेतिक रूप से कचरा उठाकर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।

हालांकि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तालाब के आसपास की सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठे। मौके पर डिस्पोजल गिलास, प्लास्टिक की बोतलें, थर्मोकोल और पॉलीथिन सहित अन्य कचरा दिखाई देने की बात सामने आई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अभियान का उद्देश्य तालाब और उसके आसपास की पूरी सफाई करना है, तो कार्यक्रम के बाद भी गंदगी का बने रहना अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़ा करता है।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सफाई कर्मचारी भी मौके से चले गए। महाराजबंध तालाब शहर के प्रमुख ऐतिहासिक तालाबों में शामिल है और यहां नियमित सफाई की जरूरत  रही है।


अन्य पोस्ट