रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 सितंबर। श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर, मालवीय रोड, में चल रहे पर्यूषण महापर्व के दसवें दिन उत्तम ब्रह्मचर्य धर्म की गहन आराधना की गई। इस अवसर पर जिनेन्द्र प्रभु की अलौकिक भक्ति, स्वर्ण कलश अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण लाडू समर्पण किया गया।
इन धर्म कार्यौं के बाद धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री पुनीत सागर ने बताया कि ब्रह्म का अर्थ आत्मा होता है। जो आत्मा में रमण करता है, वही ब्रह्मचर्य का पालन करता है। जिसने शरीर के सुख को ही आत्मा मान लिया है, वह तीनों कालों में संसार चक्र से मुक्त नहीं हो सकता। जिसे आत्मा का ज्ञान नहीं है, वह बाह्य वस्तुओं में सुख खोजता है और अंतरंग में प्रवेश नहीं कर पाता।
मुनि श्री ने आत्मा के तीन प्रकार - बहिरात्मा, अंतरात्मा और परमात्मा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जो शरीर को ही आत्मा मानता है वह बहिरात्मा है, जो परमात्मा का चिंतन करता है वह अंतरात्मा है और जो अंतरंग से आत्मा का कल्याण कर ले वह परमात्मा बन जाता है। जैनागम में निर्दोष ब्रह्मचर्य व्रत को महान बताया गया है। मुनि श्री ने कहा कि जो पाप से डरता है और अपने चरित्र की रक्षा करता है, वही सन्मार्ग पर चलता है। ब्रह्म में आचरण करने का नाम ही ब्रह्मचर्य है।