रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 सितंबर। राजधानी में दो अलग-अलग जगहों पर चोरी की वारदात सामने आई है। इनमें अज्ञात चोर एक होटल कारोबारी के निर्माणाधीन मकान से लाखों रूपए का बिजली वायर और अन्य सामान चुरा ले गए। वहीं चंगोराभाठा के एक सूने मकान में चोरों ने हाथ ससाफ किया। वहां से नगदी और जेवर ले कर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुढिय़ारी निवासी पीयूष होटल कारोबारी है, और उसका पचपेड़ी नाका स्थित त्रिवेणी विहार में 29 कमरों का मकान निर्माण कार्य चल रहा है। 11 सितंबर की शाम पियुष 6.30 बजे सभी कमरों में ताला लगाकर काम से मुंबई चला गया था। 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे वापस लौटने पर उसने मकान के अंदर जाकर देखा तो 14 कमरों के ताले टूटे हुए थे।
जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 50 हजार रुपए बिजली वायर चोरी कर ले गए। इसके अलावा 14 कमरों में लगे 112 नलों में से कुछ नल भी चोरी कर लिए गए, जबकि अन्य नलों को तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया। कमरों में लगे स्विच, बिजली बोर्ड और बटन भी गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत 1.50 लाख रुपए बताई है।
वहीं दूसरी वारदात चंगोराभाठा के जागृति सोसायटी से सामने आई। इसकी शिकायत सुनील कुमार सेन ने दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को पारिवारिक काम से वह घर में ताला लगाकर पाटन-दुर्ग चला गया था। 23 की सुबह उसके जीजा घर पहुंचे तो उसने देखा कि मकान के गेट में लगा ताला टूटा हुआ था। अंदर सामान बिखरा हुआ था।
सूचना मिलने पर वह वापस घर पहुंचा और जांच की तो मकरे में रखे अलमारी का लॉक टूटा मिला। उसमेेंं रखे सोने के दो जोड़ी पुराने इस्तेमाल किए हुए टॉप्स, मंगलसूत्र के 12 सोने के मोती, एक सोने की अंगूठी, बच्चे की चांदी की करधन, एक जोड़ी चांदी की पायल, करीब 45 हजार रुपए नकद अन्य सामान गायब थे।अज्ञात चोर मकान को सूना देख वहां से नगदी जेवर को चुरा ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है।
मंदिर से शनिदेव की मूर्ति चोरी
रायपुर, 24 सितंबर। बीती रात आरंग के ग्राम कलई स्थित शनिदेव मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया है। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित मूर्ति को चोरी कर ले गए। चोरी की इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहोल है। मामले में आरंग पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सरपंच ओमप्रकाश लोधी ने कल थाना पहुंचकर इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है। 21 सितंबर की रात अज्ञात चोर प्रतिमा को चोरी कर ले गए। सरपंच ने बताया कि प्रतिमा चोरी होने की जानकारी सामने आने के बाद ग्रामीणों में रोष है। ग्राम पंचायत की ओर से पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने तथा चोरी गई प्रतिमा बरामद करने की मांग की गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 299 एवं 305(डी) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ आरोपियों की तलाश कर रही है।