रायपुर

बिना बताए रायपुर पहुंचे रोते बालक को पुलिस ने परिजनों को सौंपा
23-Sep-2026 6:14 PM
 बिना बताए रायपुर पहुंचे रोते बालक को पुलिस ने परिजनों को सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 सितंबर। घर से नाराज होकर भाटापारा से रायपुर पहुंचे एक 15 वर्षीय नाबालिग को ट्रैफिक स्टाफ ने सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।

गणेशोत्सव में क्षेत्र भ्रमण के दौरान यातायात थाना फाफाडीह प्रभारी अम्बरीश शर्मा  आरक्षक  गोपाल सिदार एवं सैनिक मोहसिन खान जब स्टेशन चौक, गेट नंबर-01 के पास पहुंचे, तो वहां एक नाबालिग  को अकेले रोते देखा। उसे ढांढस बंधाया और पूछताछ की गई।पूछताछ में बालक ने अपना नाम एवं पता भाटापारा ( बलौदाबाजार) बताया। उसने जानकारी दी कि पिता की डांट से क्षुब्ध होकर वह बिना बताए ट्रेन में रायपुर आ गया था और डर के कारण वापस घर नहीं जाना चाहता था।

पुलिस टीम ने बालक को विश्वास में लेकर समझाइश दी और उसका हौसला बढ़ाया। इसके उपरांत बालक के परिजनों से दूरभाष पर संपर्क कर घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बालक के मामा एवं बहन रायपुर पहुंचे।पुलिस द्वारा विधिवत पहचान व आवश्यक तस्दीक  के बाद बालक को सुरक्षित उनके सुपुर्द किया ।   परिजनों ने रायपुर पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट