रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 सितंबर। छत्तीसगढ़ नर्सिंग एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिलकर बेमुद्दत हड़ताल पर जाने की सूचना दे दी है।
संघ अध्यक्ष रीना राजपूत ने बताया कि संघ चिकितसा शिक्षा विभाग के समस्त नर्सिंग संवर्ग के ग्रेड पे एवं वेतनमान की मांगो को लेकर विगत 14 वर्षों से संघर्षरत है। गत वर्ष दिसम्बर में भी आंदोलन किया गया था। फलस्वरूप 30 जनवरी को नर्सिंग संवर्ग के मांगो पर बजट प्रस्ताव बनाकर आयुक्त कार्यालय से शासन की ओर प्रेषित किया गया था इसलिए अनिश्चित कालीन आंदोलन को स्थगित कर दिया गया था। परन्तु आंदोलन के स्थगन उपरांत प्रस्ताव शासन द्वारा वापस आयुक्त कार्यालय अभिमत हेतु भेजा गया, जिस पर अभी तक कोई भी कार्यवाही नही की गयी है।
शासन प्रशासन के उदासीनता को देखते हुए पुन: 9, 10 और 11 सितम्बर को चिकित्सालय परिसर में 2 घंटे की तीन दिवसीय सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया परन्तु मांगो पर कोई विचार नही किये जाने से पूरा नर्सिंग संवर्ग नाराज है ।संघ की मीटिंग में अनिश्चितकालीन आंदोलन किये जाने का निर्णय लिया गया है।
ग्रेड पे वेतनमान पर बने प्रस्ताव को शीघ्रातिशीघ्र लागु किया जाए अन्यथा सभी 10 चिकित्सा महाविद्यालय से सम्बद्ध चिकित्सालयों में कार्यरत समस्त नर्सिंग संवर्ग द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जायेगा।
दूसरी ओर कल से जूनियर डॉक्टर्स की प्रस्तावित हड़ताल टल गई है। यह हड़ताल एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ाई गई है।जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद यह निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने मांगों के निराकरण के लिये 7 दिन का समय मांगा है। समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। डाक्टरों ने अपना स्टाइपेंड वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल की घोषणा की थी। एसोसिएशन ने कहा हमारी 17 मांगों को स्वास्थ्य मंत्री ने जायज ठहराया है। एक सप्ताह में सकारात्मक आदेश जारी किए जाने की उम्मीद है।