रायपुर

89 पर्सेंटाइल वाले नए बैच के लिए आईआईएम में सत्र शुरू, 13 करेंगे पीएचडी
23-Jun-2026 7:29 PM
89 पर्सेंटाइल वाले नए बैच के लिए आईआईएम में सत्र शुरू, 13 करेंगे पीएचडी

 संस्थागत प्रबंधन में एआई की  भूमिका और बढ़ेगी -किडांबी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 जून। भारतीय प्रबंधन संस्थान रायपुर ने  अपने  एमबीए बैच 2026, 28 और पीएचडी बैच 2026 के स्वागत में तीन दिवसीय ओरिएंटेशन आयोजित किया। 

संस्थान के प्रभारी निदेशक प्रो. संजीव पराशर ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को प्रबंधन शिक्षा के साथ आने वाले नए अवसरों, चुनौतियों और उत्तरदायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ अपनाने के लिए प्रेरित किया।  प्रवेश समिति के अध्यक्ष प्रो. आर. के. जना ने नए एमबीए बैच की विविधता और शानदार शैक्षणिक स्तर का परिचय देते हुए बताया कि इस सत्र में देश के 28 राज्यों से कुल 336 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इस बैच की मजबूत क्षमता को दर्शाते हुए उन्होंने जानकारी दी कि इनमें से 110 विद्यार्थियों के पास पहले से कार्यानुभव है, जबकि 226 विद्यार्थी नवस्नातक हैं। विशेष रूप से, इस पूरे बैच का औसत कैट  पर्सेंटाइल 89.56 रहा है और 10 विद्यार्थियों ने 99 पर्सेंटाइल से अधिक का असाधारण अंक प्राप्त किया है।

पीएचडी बैच 2026 का भी गर्मजोशी से स्वागत किया। इस नए समूह में पाँच मुख्य शोध क्षेत्रों—ऑपरेशंस मैनेजमेंट एवं डिसीजन साइंसेज़, मानव संसाधन प्रबंधन एवं संगठनात्मक व्यवहार, विपणन, वित्त एवं लेखा, तथा रणनीति एवं उद्यमिता—के लिए कुल 13 उत्कृष्ट शोधार्थियों का चयन किया गया है। यह विशिष्ट समूह आईआईएम अहमदाबाद,लखनऊ, अमृतसर, आईआईटी हैदराबाद, खडग़पुर, एनआईटी रायपुर एवं आईआईएसईआर तिरुपति जैसे संस्थानों के मेधावी विद्यार्थियों को एक मंच पर साथ लेकर आया है। उद्घाटन के तकनीकी सत्रों के दौरान अमेरिका स्थित एक्सेंचर के प्रबंध निदेशक जी. एस. राव ने अपने  वर्चुअल संबोधन में कहा कि  भविष्य के नेताओं के रूप में सीखने, बदलती परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने और परिवर्तन के बीच नेतृत्व करने की क्षमता ही विद्यार्थियों की सफलता को परिभाषित करेगी; तकनीक भले ही बदलती रहे, लेकिन विवेकपूर्ण निर्णय, ईमानदारी और सार्थक प्रभाव उत्पन्न करने की प्रतिबद्धता जैसे गुण सदैव प्रासंगिक रहेंगे। समारोह के मुख्य वक्ता और वनमैग्निफाई इंडिया के प्रबंध निदेशक वेंकटेश किडांबी ने भारत की तीव्र विकास यात्रा से उत्पन्न हो रहे नए अवसरों और वैश्विक व्यवसाय को नया आकार देने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका पर गहरा प्रकाश डाला।

आगामी दो  दिनों में  विभिन्न शैक्षणिक परिचय सत्र, संकाय सदस्यों से संवाद, छात्र सहभागिता गतिविधियाँ और परिचय आयोजित किए जाएंगे। उद्घाटन समारोह में डीन (अकादमिक) प्रो. एम. कन्नदासन, एमबीए कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. परीक्षित चरण, तथा डॉक्टोरल कार्यक्रम अध्यक्ष प्रो. प्रद्युम्न दास विशेष रूप से शामिल रहे।


अन्य पोस्ट