रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 मई। वन मुख्यालय में आईएफएस अफसरों के प्रभार बदले जाएंगे। बताया गया कि हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स वी श्रीनिवास राव, और पीसीसीएफ तपेश झा 31 तारीख को रिटायर हो रहे हैं। दोनों के रिटायरमेंट के साथ ही पीसीसीएफ स्तर के अफसरों के प्रभार बदले जा सकते हैं।
बताया गया कि हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स के चयन के लिए 7 तारीख को डीपीसी होनी थी, लेकिन बैठक टल गई। अभी तक नई तिथि घोषित नहीं हुई है। हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स राव के साथ ही पीसीसीएफ तपेश झा भी 31 तारीख को रिटायर हो रहे हैं। इसी बीच पीसीसीएफ के दो रिक्त पदों के लिए पहले ही डीपीसी हो चुकी है।
बताया गया कि एपीसीसीएफ ओपी यादव 31 तारीख को पीसीसीएफ के पद पर प्रमोट हो जाएंगे। 95 बैच के यादव वन मुख्यालय में पदस्थ हैं। इसके अलावा एक अन्य रिक्त पद के लिए संजीता गुप्ता भी पीसीसीएफ के पद पर प्रमोट होंगी।
चर्चा है कि हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स की नियुक्ति का मामला कुछ समय के लिए टल सकता है। राव को भी पहले हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स का प्रभार दिया गया था। बाद में डीपीसी के बाद प्रमोट हुए थे। कुछ इसी तरह की स्थिति अब भी बन सकती है। पीसीसीएफ अरूण पांडेय के अलावा कौशलेन्द्र कुमार और अनिल साहू हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स के दावेदार हैं। अनिल सााहू सबसे सीनियर हैं, और वे जुलाई में रिटायर हो रहे हैं। ऐसे में चर्चा है कि उनके रिटायरमेंट के बाद ही हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स पद पर पदोन्नति के लिए डीपीसी हो सकती है। इन सबके बीच किसी पीसीसीएफ को हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स का अतिरिक्त प्रभार दिया जा सकता है। ऐसी स्थिति में ओपी यादव भी हेड ऑफ फारेस्ट फोर्स की दौड़ में शामिल हो जाएंगे। कुल मिलाकर वन मुख्यालय में पीसीसीएफ स्तर के अफसरों को इधर से उधर किया जा सकता है।


