रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मई। राजधानी के मौदहापारा में फल व्यवसायी से चाकू की नोक पर 36 हजार की लूट हो गई। आरोपियों ने जान-पहचान का फायदा उठाकर सुनसान गली में बुलाया और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मौदहापारा क्षेत्र स्थित कल्लू गैरेज के पास रहने वाले शेख साहिल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि वह बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाता है। 11 मई 2026 की रात 10.20 बजे वह दुकान बंद कर बिक्री रकम 36 हजार 600 रुपए लेकर अपने घर लौट रहा था। जब वह महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी की दुकान के पास पहुंचा, तभी उसके पिता का पुराना परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ वहां आ गए। राजा बैझड़ ने उसे इशारे से बुलाया और अल्ताफ का घर दिखाने के लिए कहा। जान पहचान होने के कारण वह उसके साथ गली की ओर चला गया। इसी दौरान आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। उनमें से एक ने उसे पीछे से उसका गला पकड़ लिया। जबकि दो अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद राजा बैझड़ और उसके एक साथी ने चाकू दिखाकर उसकी पैंट की जेब में रखे 36 हजार 600 रुपए जबरन छीन लिए, और बाइक और एक्टिवा से फरार हो गए।
घटना की जानकारी शहिल ने परिवार वालों को दी। इसके बाद मौदहापारा थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफधारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


