रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 12 मई। अभनपुर राजस्व तहसील अंतर्गत ग्राम घोरभट्टी के कृषक टूभन पाल ने अपनी कृषि भूमि पर अवैध मुरूम खनन किए जाने की शिकायत जन समस्या निवारण शिविर में की है। किसान का आरोप है कि गांव के घनश्याम वर्मा द्वारा उनकी लगभग 25 वर्षों से काबिज कृषि भूमि पर मुरूम का अवैध उत्खनन किया गया। मामले की जांच के बाद पटवारी द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में मौके पर अवैध मुरूम खनन पाए जाने का उल्लेख किया गया है। पंचनामा रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जा चुकी है।
किसान ने 1 मई को कटिया में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में भी शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक अवैध खनन के मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। किसान ने तहसील कार्यालय सहित अन्य उच्च कार्यालयों में भी आवेदन प्रस्तुत किए हैं।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में हो रहे अवैध मुरूम उत्खनन पर कार्रवाई की मांग की है।


