रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मार्च। अमेजन अकाउंट की जानकारी लेकर अज्ञात साइबर ठग ने एक व्यक्ति के खाते से करीब 1.74 लाख रुपए निकाल लिए। जानकारी मिलने पर इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई। घटना एक माह पूर्व डीडी नगर इलाके की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66-डी धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-2 डीडी नगर निवासी अंजनेय बुधौलिया 37 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 17 फरवरी की रात करीब 2 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनके एमेजन अकाउंट से क्रेडिट संबंधी जानकारी ले लिए। इसके बाद बिना किसी सूचना के उसके खाता से 1.74 लाख रूपए कट गए। जिसे आरोपी ने दो अलग-अलग किश्तों में ऑनलाईन ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकाले। इसकी जानकारी अंजनेय बुधोलिया को मोबाइल पर पैसा कटने का एसएमएस आने पर हुआ। अचानक पैसा कटने पर उसे धोखाधड़ी का शक हुआ। उसने तुरंत संबंधित बैंक और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से संपर्क किया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।
पुलिस ट्रांजेक्शन डिटेल, आईपी एड्रेस और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।