रायपुर
दो जजों ने दिए फैसले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 मार्च। विशेष अदालत ने नशीली सिरप और कैप्सूल खरीदने और बेचने के मामले में तीन आरोपियों को दोषी ठहराया है। एनडीपीएस स्पेशज जज पंकज कुमार सिन्हा ने गोपाल कृष्ण वर्मा, हरीश चर्तुवेदी अैर सतनाम सिंह को 15-15 साल कठोर कारावास और 1.50-1.50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
घटना चार साल पहले पंडरी इलाके के दलदलसिवनी स्थित साईंस सेंटर के पास की है। पुलिस को क्षेत्र में नशीली दवाओं की अवैध खरीदी बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना पर पंडरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर मौके पर दबिश देकर तीन संदिग्ध व्यक्ति का पकड़ा था। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम गोपाल कृष्ण वर्मा, हरीश कुमार चतुर्वेदी और सतनाम सिंह बताया। तलाशी के दौरान उनके बैग से गोपाल कृष्ण वर्मा के कब्जे से प्लानोकफ सिरप की 55 शीशी जिनमें 25 बोतल 100 एमएल और 30 बोतल 60 एमएल की थीं। वहीं हरीश कुमार चतुर्वेदी के पास से कोडीन युक्त कफ सिरप की 28 बोतलें तथा टॉसेक्स आर न्यू सिरप की 9 बोतलें बरामद की गईं।
सतनाम सिंह के कब्जे से स्पाल-ट्रैनकैन टीएम प्लस कैप्सूल के 7 डिब्बे बरामद हुए, जिनमें कुल 1008 कैप्सूल थे। इसके अलावा उसके पास से अल्प्रैक्स 0.5 टैबलेट की 120 गोलियां भी जब्त की गईं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत अपराध दर्ज करा गिरफ्तार किया। जब्त सामान की जांच के लिए नमूनों को परीक्षण कराया गया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से वकील केके चंद्राकर ने कई गवाह अदालत में पेश किया। दलीलों को सहीं मानते हुए तीनों आरोपियों को 15-15 साल कैद और प्रत्येक को 1.50 लाख का जुर्माना लगाया।
विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस श्रीमती किरण थवाईत की अदालत ने आरोपी प्रशांत वाहने को 15 वर्ष के सश्रम कारावास और 1 लाख 50 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
31 मार्च 2025 को खमतराई पुलिस ने हटरी बाजार स्थित प्रशांत ग्राइंडर दुकान पर मुखबिर के बताए हुलिये का व्यक्ति दुकान के अंदर मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रशांत वाहने बताया। तलाशी के दौरान दुकान के अंदर रखी एक सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी से कोरेक्स सिरप की 37 शीशी बरामद की गई। जिसमें 3.700 लीटर नशीली सिरप रखा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त सिरप के नमूने एफएसएल भेजे गए। जांच रिपोर्ट में बरामद पदार्थ में कोडीन और ट्राइप्रोलिडीन युक्त कोरेक्स सिरप होना प्रमाणित हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अपने समर्थन में कई गवाहों के बयान अदालत में दर्ज कराए। अदालत ने दोषी ठहराते हुए 15 वर्ष के सश्रम कारावास तथा 1,50,000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा नहीं करने की स्थिति में आरोपी को एक वर्ष का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा।