रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मार्च। मुंगेली, और आसपास के जिलों की सडक़ों की जर्जर हालत पर पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहिले ने गुरूवार को विधानसभा में मामला उठाया। उन्होंने कहा कि ज्यादातर सडक़ों का निर्माण 10 से 15 साल पहले हुआ था। सडक़ों की हालत खराब है, और गंभीर दुर्घटनाएं हो रही हैं। मरम्मत और नवीनीकरण कार्य नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। इस पर पीडब्ल्यूडी मंत्री अरूण साव ने कहा कि कई सडक़ें पीएमजीएसवाई की है। जबकि पीडब्ल्यूडी की अधिकांश सडक़ों का संधारण कार्य चल रहा है।
भाजपा सदस्य पुन्नूलाल मोहिले ने मुंगेली और जिले से जुड़े अन्य जिलों की खराब सडक़ों का मामला विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि सडक़ों का संधारण कार्य नहीं हो रहा है। पीडब्ल्यूडी मंत्री अरूण साव ने कहा कि मुंगेली जिले की सडक़ें और जुड़े हुए जिलों के उल्लेखित 18 सडक़ों में से 9 सडक़ें पंचायत विभाग से पूर्व निर्मित है, जो कि संधारण अवधि के अंतर्गत आता है। उन्होंने माना कि विभाग की तीन सडक़ें खराब है, जिसके लिए पंचायत और ग्रामीण विकास को प्रस्ताव भेजा गया है।
साव ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के अधीन खराब सडक़ों के निर्माण और चौड़ीकरण के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। तखतपुर-कुकुरदा, गीधा से कोदवानी, और बेमेतरा-नवागढ़-मुंगेली मार्ग शामिल है। इन सडक़ों के लिए क्रमश: 25.56 करोड़, 13.45 करोड़, और 48.26 लाख स्वीकृत किया गया है। डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि एनएच बिलासपुर-तखतपुर-मुंगेली-पोंड़ी मार्ग के दोनों तरफ संधारण का काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधीन सडक़ों का काम भी प्रस्तावित है। साव ने यह भी बताया कि पीएमजीएसवाय के अधीन सडक़ें जो संधारण अवधि के अंतर्गत है, सडक़ों में नियमित रूप से संधारण का कार्य किया जा रहा है। साव ने कहा कि आने वाले समय में सडक़ों का काम तेजी से होगा। इसके लिए बजट प्रावधान भी किए गए हैं।
पुलिस ने साल भर में किराए के वाहनों पर 130 करोड़ खर्च किए- गृहमंत्री
रायपुर, 12 मार्च। राज्य विधानसभा में डिप्टी सीएम गृह विजय शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने साल भर में किराए के वाहनों पर 130 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। सरकारी एवं किराए के वाहनों पर डीजल-पेट्रोल के लिए 148 करोड़, मरम्मत पर 41 करोड़ तथा अन्य मदों पर 30 करोड़ रुपये का व्यय हुआ है। यह खर्च कुल लगभग 350 करोड़ रुपए का हुआ । भाजपा विधायक राजेश मूणत के सवाल के लिखित जवाब में श्री शर्मा ने बताया कि पुलिस विभाग के पास कुल 2618 हल्के वाहन, 720 मध्यम वाहन, 364 भारी वाहन और 6279 मोटरसाइकिल उपलब्ध हैं, जिनमें से कई पुराने एवं कंडम घोषित हो चुके हैं। आवश्यकता अनुसार जिला पुलिस इकाइयाँ वित्त विभाग के नियमों के तहत निजी वाहन किराए पर लेती हैं।