रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मार्च। श्याम नगर तेलीबांधा निवासी पवन यादव ने अपने परिचित पर धोखाधड़ी का आरोप लगया है। आोप है कि सुनील यादव और पूजा सिंह ने उससे बैंक में पैसा ट्रांसफर करने के लिए पासबुक और एटीएम लेकर धोखाधड़ी कर दी। आरोपियों ने उसके खाता से 1.50 लाख रूपए को उसके जानकारी के बगैर निकाल लिए। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी महिला और उसके साथी के खिलाफ 318-4, 3-5 का अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक पवन यादव श्याम नगर इंदिरा चौक निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आर्यन प्रोविजन स्टोर्स नाम से किराना दुकान चलाता हैं। उनकी दुकान पर अक्सर महिला पूजा सिंह किराना सामान लेने के लिए आती थी। जिसके कारण दोनों के बीच पिछले लगभग छह वर्षों से परिचय था। फरवरी 2026 में पूजा सिंह अपने परिचित सुनील यादव को लेकर उनकी दुकान पर आई। उस दौरान दोनों ने बताया कि उनकी कंपनी का पैसा आने वाला है, लेकिन उनका ऑनलाइन बैंकिंग सिस्टम काम नहीं कर रहा है। उन्होंने पवन से कहा कि वे अपना बैंक खाता नंबर दे दें ताकि कंपनी का पैसा उनके खाते में आ सके और बाद में वे राशि वापस कर देंगे।
पवन यादव ने पुराने परिचय होने के कारण उस पर भरोसा कर अपना बैंक ऑफ महाराष्ट्र का खाता नंबर और एटीएम कार्ड उन्हें दे दिए। कुछ समय बाद दोनों आरोपी फिर से उसके पास आए और बताया कि उनके बैंक खाते की लिमिट समाप्त हो गई है, जबकि करीब 1.50 लाख रुपए उनके बैंक ऑफ महाराट्र के खाते में जमा हो चुके हैं। आरोपियों ने कहा कि जरूरी काम होने के कारण राशि को दूसरे खाते में ट्रांसफर करना होगा।
पवन यादव ने भरोसे में अपने एचडीएफसी बैंक खाते में डेढ़ लाख रुपए महिला के खाता में ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने उस रकम को 50 हजार रुपए एटीएम के माध्यम से निकलवा लिए। इसके बाद खाते की लिमिट समाप्त होने की बात कहकर शेष 1 लाख रुपए को इंडसइंड बैंक के खाते में ट्रांसफर कराया गया।
कुछ समय बाद पवन यादव को बैंक ऑफ महाराष्ट्र से एक मैसेज आया जिसमें बताया गया कि उनके खाते में 1.50 लाख रुपए की राशि होल्ड कर दी गई है। बैंक से जानकारी मिली कि ऑनलाइन फ्रॉड के मामले में पुलिस ने उनके खाते को होल्ड किया गया है।
इसके बाद उसे एहसास हुआ कि पूजा सिंह और सुनील यादव ने छलपूर्वक उनके बैंक खातों का उपयोग कर धोखाधड़ी की है। इस कारण उसके बैंक ऑफ महाराष्ट्र, एचडीएफसी बैंक और इंडसइंड बैंक के खाते होल्ड हो गए हैं। इसकी शिकायत पवन ने सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 318(4) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।