रायपुर

रंजिश का बदला लेने युवक से पहले मारपीट फिर हंसिए से हमला
11-Mar-2026 8:01 PM
रंजिश का बदला लेने युवक से पहले मारपीट फिर हंसिए से हमला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मार्च। राजधानी में मारपीट और अवैध वसूली के मामले सामने आए हैं। इस बीच भीड़ में धक्का लगने, वेतन की मांग को लेकर  कर्मचारी-संचालक के बीच मारपीट, वहीं स्क्रैप कारोबारी ने जीएसटी अधिकारी पर कथित जबरन वसूली का आरोप लगया है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पहला मामला आमापारा साई मंदिर के पास की है। हिमांशु ने बताया कि वह शादी-पार्टी और इवेंट में एंट्री का काम करता है। 8 मार्च को भारत के फाइनल मैच जीतने के बाद वह जय स्तंभ चौक गया था, जहां पर लोग जीत का जश्र मना रहे थे। इस बीच भीड़ में धक्का लगने को लेकर कुंदन और राधे से विवाद हो गया था। इसके बाद 10 मार्च की रात 3 बजे जब वह घर के पास अपने साथ बैठा था। तभी कुंदन और राधे स्कूटी से वहां पहुंचे और पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर कुंदन ने अपने पास रखे हंसिया से हमला कर दिया। जिससे हिमांशु की पीठ में चोट आई। घटना के बाद दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घायल युवक का अस्पताल में उपचार कराने के बाद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।

दूसरा मामला तेलीबांधा क्षेत्र का है। जहां जय श्री राम एम्बुलेंस सर्विस में काम करने वाले कर्मचारी ने अपने संचालक के भाई पर मारपीट का आरोप लगाया है। अनुराग ने बताया कि 25 फरवरी को वह मेडलाईफ अस्पताल से एम्बुलेंस लेकर मरीज को छोडक़र वापस आया था। इस दौरान उसने अपने 10 हजार रुपए वेतन की मांग की। जिस पर सुनील मंडोतिया भडक़ गया। साथी ओम दुबे दोनों ने गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की। सुनील मंडोतिया ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। घटना में अनुराग के चेहरे और जांघ में चोट आई। डर के कारण वह  शिकायत नहीं कर पाया, लेकिन परिवार की सलाह के बाद 10 मार्च को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

कारोबारी ने लगाया अवैध वसूली का आरोप

उधर एक अन्य मामले में स्क्रैप कारोबारी ने जीएसटी अधिकारियों पर कथित अवैध वसूली का आरोप लगया है। मोवा पंडरी निवासी मोहम्मद सोयब ने आरोप लगाया है कि 9 जनवरी की रात सिलतरा क्षेत्र में उसके ट्रक को रोककर खुद को स्टेट जीएसटी इंस्पेक्टर बताने वाले दो लोगों ने ट्रक और माल जप्त करने की धमकी दी। आरोपियों ने एक लाख रुपए की मांग की। डर के कारण उसने 50 हजार रुपए दे दिए। जिसके बाद ट्रक को छोड़ दिया गया। पीड़ित को इस पर संदेह हुआ तो उसने राज्य कर आयुक्त कार्यालय नवा रायपुर में शिकायत की। विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजा है। पुलिस ने तीनों मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट