रायपुर
रायपुर, 11 मार्च। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने आज जिले के सभी ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों और डीलर्स की बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि जिले में ऐसी व्यवस्था करें कि एलपीजी गैस की आपूर्ती में दिक्कत न हो, आम उपभोक्ताओं को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। बुकिंग होने के पश्चात् समय पर गैस सिलेण्डर की अनिवार्य रूप से आपूर्ति करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी की शिकायत पायी जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1995 (एस्मा) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त मात्रा में है, उन्होंने आग्रह किया कि आम उपभोक्ता पैनिक न हों। किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर कलेक्टर कॉल सेेंटर के नम्बर 9977222564, 9977222574, 9977222584 एवं 9977222594 पर सम्पर्क करें।
बैठक में खाद्य नियंत्रक भूपेन्द्र मिश्रा ने कहा कि सभी डीलर प्रति सप्ताह गैस कंपनी से प्राप्त घरेलू और व्यावसायिक सिलेण्डर के आवक-जावक और बचत की जानकारी खाद्य विभाग को देंगे। साथ ही जो उपभोक्ता पिछले तीन महीने से सिलेण्डर नहीं ले रहे हैं उनकी सूची 3 दिन के भीतर खाद्य विभाग को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य विभाग के अधिकारी सप्ताह में एक बार गैस एजेंसी जाकर सत्यापन कार्य करें। सभी गैस कंपनी के सेल्स अफसर अपने प्रभार के गैस एजेंसी की जांच सप्ताह में एक बार करें और इसकी जानकारी खाद्य विभाग को देंगे।
इंडेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं ऑल एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स के जिला अध्यक्ष श्री विकास मरकाम ने कहा कि होली के कारण वितरण में थोड़ा विलम्ब हुआ था जो अब सुधर गई है। जिले में अभी और भविष्य में एलपीजी गैस को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या आम उपभोक्ताओं को नहीं होगी। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि पैनिक न हों और सहयोग करें, गैस एजेंसियां भी उनका सहयोग करेंगी। भारत गैस वितरक संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री मुरारी गौड़ ने बताया कि कॉमर्शियल कनेक्शन में हॉस्पिटल और शैक्षणिक संस्थाओं को ही गैस सिलेण्डर की आपूर्ति की जाएगी।